हिमांशु राज
स्वप्ना जोशी, जिन्होंने कुटुंब, कलश, इंडिया कॉलिंग और रंग बदलती ओढ़नी जैसे चर्चित धारावाहिकों को दिशा दी है, अब अपने करियर का नया अध्याय शुरू कर रही हैं। टीवी और फ़िल्म जगत में तीन दशकों से अधिक का अनुभव रखने वाली स्वप्ना ने हाल ही में पपराज़ी एंटरटेनमेंट में क्रिएटिव डायरेक्टर का पद संभाला है।
1987 में अहमदाबाद दूरदर्शन पर प्रोडक्शन असिस्टेंट के रूप में अपने सफर की शुरुआत करने वाली स्वप्ना ने हिंदी, मराठी, गुजराती और अंग्रेज़ी में न जाने कितने धारावाहिकों व एपिसोड्स का निर्माण और निर्देशन किया। स्टार प्लस, सोनी और ज़ी टीवी जैसे चैनलों के लिए शो बनाते हुए उन्होंने न केवल दर्शकों से जुड़ाव कायम किया, बल्कि अपनी मौलिकता और रचनात्मक दृष्टिकोण से इंडस्ट्री में गहरी छाप छोड़ी।
पपराज़ी एंटरटेनमेंट से जुड़ने पर वे कहती हैं, “इतने लंबे समय तक टीवी और फ़िल्मों में काम करने के बाद अब मैं मानती हूँ कि यह सही समय है, जब रचनात्मकता और टेक्नोलॉजी एक साथ मिलकर नई संभावनाएँ खोल सकते हैं। यह प्लेटफ़ॉर्म मुझे इसलिए आकर्षित करता है क्योंकि यहाँ परंपरागत और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़ा नया कंटेंट एक साथ आगे बढ़ रहा है। युवा और ऊर्जा से भरी इस टीम से सीखने का अवसर मेरे लिए रोमांचक है।”
कहानी कहने की अपनी लगन पर स्वप्ना बताती हैं, “मेरे लिए हर शो एक नई दुनिया की तरह है। दर्शकों की भावनाओं को छूना, उनसे जुड़ना और समय के साथ बदलते समाज को कहानी के माध्यम से दिखाना मुझे सबसे सुखद लगता है। हर प्रोजेक्ट मुझे एक ताज़ी चुनौती देता है, चाहे वह पारिवारिक कथानक हो या फिर सामाजिक सरोकारों से जुड़ी मनोरंजक प्रस्तुति।”
अपने अनुभवों से मिली सीख के बारे में वे कहती हैं कि सबसे अहम है परिस्थितियों के साथ ढलना। उनका मानना है कि ट्रेंड्स और तकनीक बदलते रहते हैं, लेकिन स्टोरीटेलिंग हमेशा मज़बूत पात्रों और उनके संघर्ष से ही जीवंत होती है। “खुले मन से काम करना, धैर्य रखना और सीखते रहना ही असली कुंजी है,” वे कहती हैं।
सबसे बड़ी चुनौती पर स्वप्ना का मानना है कि टीआरपी और दर्शकों की अपेक्षाओं के बीच संतुलन बनाना कठिन रहा। “कई बार कठिन फैसले लेने पड़े, लेकिन इससे धैर्य और दृढ़ता दोनों सीखे। साथ ही यह भी समझ आया कि कहानी के प्रति सच्चे रहना और उसे व्यावसायिक पक्ष के अनुरूप प्रस्तुत करना, दोनों बराबर ज़रूरी हैं।”
मनोरंजन उद्योग में आए बदलाव पर वे कहती हैं, “दूरदर्शन से लेकर आज के ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म्स तक का सफ़र अपने आप में क्रांतिकारी है। अब कहानियों के लिए परंपरागत ढाँचे से बाहर सोचने की और वैश्विक परिदृश्यों को छूने की संभावना अधिक है। टेक्नोलॉजी आज हमारी कल्पनाओं को हकीकत बनाने का सबसे बड़ा साधन है।”
