बॉलीवुड में बेबाकी के लिए पहचानी जाने वाली तनुश्री दत्ता एक बार फिर अपने पुराने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। नाना पाटेकर पर हालिया कमेंटबाजी के बीच उनका एक पुराना इंटरव्यू वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने फिल्म के सेट पर हुए कथित बदसलूकी के अनुभव को साझा किया था। इंटरव्यू में तनुश्री ने बताया कि फिल्म ‘चॉकलेट’ के एक अंडरवॉटर डांस सीक्वेंस के दौरान डायरेक्टर ने उनसे कथित तौर पर कहा था, ‘कपड़े उतारकर नाच।’ तनुश्री के मुताबिक, उन्हें गाउन उतारकर सीन करना था, लेकिन बात कहने का तरीका बेहद आपत्तिजनक था। उन्होंने बताया कि उस वक्त वह नई थीं, इसलिए चुपचाप सीन पूरा कर लिया। तनुश्री ने यह भी कहा कि सेट पर मौजूद लोगों को डायरेक्टर की बात बुरी लगी थी। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने इंटरव्यू में डायरेक्टर का नाम नहीं लिया था, फिर भी वह खुद सफाई देने सामने आ गए।
