सामना संवाददाता / उल्हासनगर
उल्हासनगर कैंप नंबर-5 परिसर में शुक्रवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना में तड़ीपार अपराधियों ने एक पत्रकार और उसके भाई पर जानलेवा हमला कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पत्रकार संदीप सिंह ने अपने यूट्यूब न्यूज चैनल डेली पेज पर अपराधियों के खिलाफ एक खबर प्रसारित की थी, जिससे नाराज होकर हमलावरों ने इस घटना को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, कुछ महीने पहले शिव कॉलोनी निवासी कुख्यात अपराधी कर्ण विटेकर और अर्जुन विटेकर के खिलाफ पत्रकार संदीप सिंह द्वारा खबर प्रसारित की गई थी। इसी रंजिश के चलते शुक्रवार रात करीब 11 बजे के आसपास कर्ण, अर्जुन व उनके दो साथियों ने संदीप सिंह और उनके भाई पर तलवारों से हमला किया। हमले में संदीप सिंह के भाई के हाथ में गंभीर चोट आई है, जबकि संदीप सिंह पर धारदार हथियार से वार किए गए।
घटना को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। हिललाइन पुलिस ने इस हमले को गंभीरता से लेते हुए चारों के खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी कर्ण और अर्जुन अब भी फरार बताए जा रहे हैं।
घटना को तीन दिन बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिससे नागरिकों में रोष व्याप्त है। तड़ीपार गुंडों द्वारा पत्रकार पर किए गए इस हमले को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। पत्रकार संघटनों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
