मुख्यपृष्ठसमाचारवृद्ध दम्पत्ति पर हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने 500 सीसी...

वृद्ध दम्पत्ति पर हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने 500 सीसी टीवी फुटेज जांच करने के बाद पकड़ा

राधेश्याम सिंह

विरार। विरार पश्चिम के अर्नाला क्षेत्र में वृद्ध दम्पत्ति के ऊपर हुए सनसनीखेज हमले का पुलिस ने पर्दाफाश कर लिया है। इस हमले में गोवारी परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। 72 घंटे की सतत जांच के बाद क्राइम ब्रांच यूनिट-3 ने गुरुवार को मुख्य आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार तड़के करीब 3 बजे अर्नाळा बंदरपाडा इलाके में हुई, जब एक अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर धारदार हथियार से गोवारी परिवार पर हमला कर दिया। 76 वर्षीय जगन्नाथ गोवारी,उनकी पत्नी लीला (72) और बेटी नेत्रा गोवारी (52) गंभीर रूप से घायल हो गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अर्नाळा सागरी पुलिस स्टेशन में हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

क्राइम डीसीपी संदीप डोईफोडे ने जानकारी दी कि घटना के बाद क्राइम ब्रांच ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद एक संदिग्ध युवक हुडी में इलाके में घूमता दिखा,जिससे जांच की दिशा स्पष्ट हुई। इसके बाद पुलिस को विरार रेलवे स्टेशन के पास एक लावारिस बाइक मिली, जो अशोक नाईक नामक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड था, जो पीड़ित परिवार के पड़ोसी हैं। तकनीकी साक्ष्य और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने गुरुवार को मुंबई से दिपेश अशोक नाईक (उम्र 29) को गिरफ्तार कर लिया। वह मुंबई में एक निजी सुरक्षा एजेंसी में गार्ड के रूप में कार्यरत था और मूल रूप से अर्नाळा का ही निवासी है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी दिपेश नाईक ने ऑनलाइन सट्टेबाजी में लगभग 50 लाख रुपये गवां दिए थे। भारी कर्ज और मानसिक तनाव के चलते उसने लूट की योजना बनाई। हमले के बाद उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए अपनी बाइक को घटना स्थल से तीन किलोमीटर दूर खड़ा कर दिया था, लेकिन क्राइम ब्रांच की बारीक जांच से उसकी यह चाल नाकाम हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कई लोगों से उधार लेकर उन्हें भी धोखा दिया था। बढ़ते कर्ज और दबाव ने उसे अपराध की ओर धकेल दिया। आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के प्रयास में लगी हुई है। पुलिस आयुक्तालय के निर्देशन में क्राइम ब्रांच यूनिट 3 पुलिस निरीक्षक शाहूराज रणवरे, एपीआई सुहास कांबळे, पीएसआई रामचंद्र पाटील, सफौ शिवाजी पाटील के साथ मुकेश तटकरे, सागर बरवकर, प्रशांत पाटील, राकेश पवार, युवराज वाघमोडे, आतिश पवार, तुषार दळवी, मनोहर तरडे, प्रशांत बोरकर और साइबर टीम के संतोष चव्हाण ने अहम भूमिका निभाई।

अन्य समाचार