-इजरायल व हिज्बुल्लाह के बीच लड़ाई फिर तेज
-इजरायली एयरस्ट्राइक में १८ लेबनानी नागरिकों की मौत
एजेंसी / नई दिल्ली
मिडिल ईस्ट एक बार फिर बारूद के ढेर पर खड़ा दिखाई दे रहा है। इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच छिड़ी जंग ने नया और खतरनाक मोड़ ले लिया है। रातभर चली भीषण लड़ाई में हिज्बुल्लाह ने इजरायल को बड़ा झटका देते हुए उसके ४ सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया, जबकि जवाबी हमलों में इजरायल ने लेबनान पर ऐसा कहर बरपाया कि कम से कम १८ लोगों की जान चली गई। ऐसे में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि वॉर २.० की शुुरुआत हो गई है। हालात इतने गंभीर हो गए कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को ईरान के साथ होने वाली अहम वार्ता के लिए स्विट्जरलैंड का दौरा तक टालना पड़ा।
बता दें कि दक्षिणी लेबनान में रातभर गोलाबारी, ड्रोन हमले और मिसाइलों की बरसात होती रही। हिज्बुल्लाह ने दावा किया है कि उसने घात लगाकर इजरायली सेना पर हमला किया और गाइडेड मिसाइलों से ३ अत्याधुनिक मरकवा टैंकों को तबाह कर दिया। वहीं दूसरी तरफ इजरायल ने लेबनान के कई इलाकों में ताबड़तोड़ हवाई हमले किए। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक केवल कुछ घंटों में ११ कस्बों पर बम बरसाए गए, जिनमें १८ लोगों की मौत और ३३ लोग घायल हुए।
सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि यह खूनी संघर्ष उस समय भड़का है, जब अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध रोकने को लेकर एक अस्थायी समझौता हुआ था। अब लेबनान में बढ़ती हिंसा ने उस डील को भी खतरे में डाल दिया है।
ईरान ने फिर बंद कर दिया स्ट्रेट ऑफ होर्मुज
अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म करने के लिए बीते बुधवार को हुए समझौते के कुछ घंटों के अंदर ही इजरायल द्वारा लेबनान पर हुए अटैक के बाद ईरान एक बार फिर आगबबूला हो गया है। ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को दोबारा बंद करने का एलान कर दिया है।
