मुख्यपृष्ठसमाचारपद का दुरुपयोग कर रहे जिला आयुष अधिकारी, कलेक्टर की जांच में...

पद का दुरुपयोग कर रहे जिला आयुष अधिकारी, कलेक्टर की जांच में खुली पोल

फर्जी वैद्य और मेडिकल स्टोर को क्लीन चिट देने का गंभीर मामला

 दीपक तिवारी / विदिशा

शहर के दर्जनों लोगों को उपचार के नाम पर लूटने वाले फर्जी वैद्य और नियम विरुद्ध दवाओं का विक्रय करने वाले मेडिकल स्टोर को क्लीन चिट देकर जिला आयुष अधिकारी डॉ दिनेश अहिरवार अपने ही बुने जाल में फंसते नजर आ रहे हैं। कलेक्टर द्वारा एसडीएम से कराई जांच में जिला आयुष अधिकारी द्वारा फर्जी वैद्य को गलत तरीके से क्लीन चिट देने का गंभीर मामला उजागर हुआ है। अब इस मामले में जिला आयुष अधिकारी को जिला प्रशासन के सवालों का जवाब देना कठिन हो गया है। कलेक्टर की जांच से साबित हो गया है कि जिला आयुष अधिकारी अपने पद का दुरुपयोग करते हुए मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं। शिकायतकर्ता ने एसडीएम के जांच प्रतिवेदन के आधार पर भोपाल संभाग कमिश्नर से जिला आयुष अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की मांग की है।

मिली अधिकृत जानकारी के अनुसार विदिशा जिले में सक्रिय फर्जी वैद्य द्वारा गंभीर रोगों का गारंटी से आयुर्वेदिक इलाज करने के नाम पर सैकड़ों लोगों के साथ लाखों रुपए की ठगी की गई। इसमें बड़ा बाजार के मेडिकल स्टोर की मिली भगत सामने आई है। फर्जी वैद्य और मेडिकल स्टोर की शिकायत डेढ़ साल पहले जिला आयुष अधिकारी को की गई थी, लेकिन उनके द्वारा मनमाने तरीके से समिति के जांच प्रतिवेदन को नकारते हुए फर्जी वैद्य और मेडिकल स्टोर को क्लीन किट देकर जांच नस्तीबद्ध कर दी गई थी। जबकि इस मामले को तत्काल पुलिस को सौंपना चाहिए था।

कलेक्टर को की गई थी शिकायत
जिला आयुष अधिकारी द्वारा मनमाने तरीके से जांच नस्तीबद्ध करने के विरुद्ध मामले की शिकायत प्रमाण सहित कलेक्टर को की गई थी। कलेक्टर ने प्रकरण की जांच एसडीएम को सौंपते हुए प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।
एसडीएम द्वारा की गई जांच में जिला आयुष अधिकारी की मनमानी का खुलासा हुआ और पता चला कि अधिकारी द्वारा गलत तरीके से फर्जी वैद्य और मेडिकल स्टोर को छोड़ दिया गया।

शहर के सैकड़ों लोगों के साथ हुई ठगी
फर्जी वैद्य शेर सिंह पहाड़ी द्वारा विदिशा शहर के सैकड़ो लोगों के साथ मेडिकल स्टोर के साथ मिलकर इलाज के नाम पर ठगी की गई। जिसकी शिकायत को जिला आयुष अधिकारी द्वारा गंभीरता से न लेकर और विभागीय समिति के जांच प्रतिवेदन को नकारते हुए कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। इस मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में भी की थी, जिसे जिला आयुष अधिकारी द्वारा जबरन बंद कर दिया था।

फर्जी वैद्य और मेडिकल स्टोर पर अब होगी पुलिस कार्रवाई
विदिशा एसडीएम ने जांच के बाद प्रतिवेदन कलेक्टर को सौंप दिया है। जिसमें फर्जी वैद्य शेर सिंह और सुंदर लाल जैन मेडिकल स्टोर बड़ा बाजार के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। जांच में पाया गया कि महेंद्र कुमार सुंदरलाल जैन मेडिकल स्टोर के संचालक अरविंद कुमार जैन द्वारा नियमों का पालन नहीं किया जाकर आयुर्वेदिक औषधियों का विक्रय किया गया।

अन्य समाचार