मुख्यपृष्ठसमाचारभारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मनइया घाट पर हुआ पूर्व प्रधान के...

भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मनइया घाट पर हुआ पूर्व प्रधान के बेटे कुश का अंतिम संस्कार

राजेश सरकार / प्रयागराज

-गुरुवार आधी रात के बाद चार आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज

यमुनानगर जोन के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत गोती गांव में हुए 20 वर्षीय कुश सिंह की हत्या के बाद शोकपूर्ण वातावरण में उसका अंतिम संस्कार शुक्रवार को मनइया घाट पर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कर दिया गया। पूर्व प्रधान विनोद सिंह के छोटे बेटे कुश सिंह की हत्या के मामले में दो पूर्व प्रधान समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने वारदात के बाद ही चारों को हिरासत में ले लिया था। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
हत्या के पीछे भूमि विवाद को कारण बताया जा रहा है। औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने गुरुवार आधी रात के बाद पूर्व प्रधान विनोद सिंह की तहरीर पर पूर्व प्रधान बच्चालाल यादव निवासी नैनी, पिंटू यादव निवासी विशंभरपुर, नैनी, सुरेश यादव निवासी गोती गांव तथा उसके पुत्र कमल यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
विनोद सिंह का आरोप है कि बच्चालाल यादव से पूर्व में जमीन का विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर वह लगातार धमकी दे रहा था। जमीन विवाद की पुरानी रंजिश को लेकर ही उसके बेटे की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने नामजद चारों आरोपियों को घटना वाली रात ही पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया था। औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी कमलेश पटेल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, लेकिन अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

अन्य समाचार

नाराजगी