भारतीय रेसलर और एक्टर संग्राम सिंह ने हाल ही में सिर्फ ९० सेकंड में पाकिस्तानी रेसलर को हराकर सुर्खियां बटोरीं। अब वे यूरोप में होने वाले अपने अगले एमएमए मुकाबले की तैयारी कर रहे हैं। बातचीत में उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले की रात उन्हें केवल दो घंटे नींद आई थी और उनका तापमान १०० से ऊपर था। कोच ने भी उन्हें खास तौर पर कहा था कि किसी से भी हार सकते हो, लेकिन पाकिस्तान से नहीं। संग्राम ने बताया कि पहले मुक्के के बाद उन्हें एहसास हुआ कि पाकिस्तान के खिलाफ लड़ना कितना कठिन होता है। ४० की उम्र में एमएमए में कदम रखने वाले संग्राम भारत के पहले रेसलर हैं जिन्होंने ऐसा किया। बचपन में गठिया रोग के कारण आठ साल व्हीलचेयर पर रहने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि घर का खाना कभी न छोड़ें और रोजाना कम से कम २४ मिनट एक्सरसाइज करें।
