मुख्यपृष्ठसमाचारछात्र की लाश लेकर स्कूल प्रबंधन लगाता रहा अस्पतालों का चक्कर

छात्र की लाश लेकर स्कूल प्रबंधन लगाता रहा अस्पतालों का चक्कर

राजेश सरकार / प्रयागराज

शहर के धूमनगंज क्षेत्र में भोला का पुरा निवासी किसान अमर सिंह के 14 साल के बेटे शिवम की इंडियन पब्लिक स्कूल ट्रांसपोर्ट नगर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसके परिजन का आरोप है कि उसे करंट लगाया गया था। घर वालों का कहना है कि उसके बच्चे के हाथ-पैर में बिजली से जलने के निशान हैं। बच्चे के पिता बेटे की मौत से स्तब्ध हैं। वहीं पूरा घर मातम मना रहा है। धूमनगंज पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, इंडियन पब्लिक स्कूल में दसवीं कक्षा का छात्र शिवम हमेशा की तरह सुबह स्कूल गया था। साथी छात्र ने उसके घर पर जानकारी दी कि उसकी तबीयत खराब है। इसकेेे बाद परिजन स्कूल पहुंचे, लेकिन तब तक स्कूल प्रबंधन छात्र शिवम को लेकर अस्पताल चला गया था। परिजन ने आरोप लगाया है कि स्कूल प्रबंधन ने उनको सूचित किए बिना शिवम के शव को निजी अस्पतालों में घुमाया। बाद में स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। शिवम के मामा ने कहा कि उसके हाथ पर जख्म के निशान हैं। उसे करंट लगाकर मारा गया। शिवम की मां सरला यादव और बहन प्रिया का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने शिवम की मौत का जिम्मेदार स्कूल प्रबंधन को ठहराया है। धूमनगंज थाने में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को तहरीर दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस आगे की विधिक कार्यवाही करेगी।

अन्य समाचार