राजेश सरकार / प्रयागराज
महाकुंभ के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च करने और विकास कार्यों के दावे करने वाले लोक निर्माण विभाग की हकीकत नैनी में सामने आ रही है। महाकुंभ के दौरान जिस नैनी स्टेशन रोड के चौड़ीकरण और निर्माण कार्य का जोर-शोर से प्रचार किया गया था, आज वही सड़क राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। हालत यह है कि सड़क पर गड्ढे अधिक नजर आ रहे हैं और सड़क कम।
प्रशासन की लापरवाही, जनता भुगत रही खामियाजा
स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर आक्रोश है। भारी यातायात के बीच उखड़ी सड़क के कारण आए दिन बैटरी रिक्शा पलटने की घटनाएं हो रही हैं। दोपहिया वाहन चालक भी जोखिम उठाकर इस मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं। गड्ढों से बचने के प्रयास में कई बार बाइक सवार असंतुलित होकर गिर जाते हैं और चोटिल हो जाते हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारी सड़क की स्थिति सुधारने को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। इससे राहगीरों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
अफसरों की नाकामी को खुद ढंक रहे नागरिक
सड़क की मरम्मत की मांग करते-करते थक चुके कुछ स्थानीय दुकानदारों ने खुद ही मिट्टी और पत्थर डालकर सड़क के गड्ढों को भरने की कोशिश शुरू कर दी है। लोगों का कहना है कि जब जिम्मेदार विभाग अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहा है, तो उन्हें मजबूरन खुद सड़क को चलने लायक बनाने का प्रयास करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से नैनी स्टेशन रोड की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
