मुख्यपृष्ठनए समाचारजीवदानी मंदिर पर नवरात्र महोत्सव के दौरान रहेगी ‘तीसरी आंख’ की नजर

जीवदानी मंदिर पर नवरात्र महोत्सव के दौरान रहेगी ‘तीसरी आंख’ की नजर

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

राधेश्याम सिंह / विरार

पालघर जिले के विरार स्थित जीवदानी मंदिर को श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। हर साल की तरह इस वर्ष भी नवरात्र महोत्सव के दौरान जीवदानी मंदिर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवी के दर्शन के लिए आने वाले हैं। इसे ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन ने सभी सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंदिर परिसर में 160 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से ‘तीसरी आंख’ की लगातार निगरानी रखी जा रही है। साथ ही किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को टालने के लिए हथियारबंद पुलिस बल की भी तैनाती की गई है।

इस संदर्भ में हाल ही में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दत्ता शिंदे ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं, मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रदीप तेंडोलकर और उपाध्यक्ष पंकज ठाकुर ने जानकारी दी कि नवरात्र के दौरान गढ़ पर भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन द्वारा यातायात मार्गों में भी बदलाव किया जाएगा।राज्य के विभिन्न हिस्सों के अलावा गुजरात, ठाणे, पालघर, भायंदर, मुंबई, राजस्थान और कोकण क्षेत्रों से भी भारी संख्या में श्रद्धालु जीवदानी देवी के दर्शन के लिए विरार आते हैं। मंदिर की सुरक्षा की समीक्षा ATS (एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड) द्वारा भी की गई है। सुरक्षा के लिहाज से विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा कवच लगाए गए हैं।श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल के साथ विवा कॉलेज के 200 NCC कैडेट्स भी तैनात रहेंगे, जिनकी मदद के लिए मंदिर ट्रस्ट के 100 गार्ड भी मौजूद रहेंगे। मंदिर परिसर और उसके नीचे हथियारबंद पुलिस दल को भी तैनात किया गया है।श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए फ्युनिक्युलर रेलवे की सफल परीक्षण भी हो चुकी है। नवरात्र के सभी 9 दिनों में आने वाले श्रद्धालुओं को मुफ्त में महाप्रसाद वितरित किया जाएगा।नवरात्र के पहले दिन मंदिर पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है। वहीं, नवरात्र के रविवार को यह संख्या 1 लाख से अधिक तक पहुँच सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट के पदाधिकारी ने कहा है कि नवरात्र महोत्सव की सभी तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं।

धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा
सोमवार, 22 तारीख को सुबह श्री जीवदानी माता का महाभिषेक, वस्त्रालंकार, श्रृंगार, और नवचंडी पाठ किया जाएगा। इसके साथ ही हर दिन अलग-अलग धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

अन्य समाचार

सीप