सामना संवाददाता / विरार
वसई-विरार शहर महानगरपालिका क्षेत्र के लाखों नागरिकों को आगामी दिनों में जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। सूर्या जलापूर्ति योजना के तहत पाइपलाइन जोड़ने और मरम्मत कार्य किए जाने के कारण शहर में जलापूर्ति १२ सितंबर से १४ सितंबर तक प्रभावित रहेगी। महानगरपालिका के अनुसार, सूर्या योजना टप्पा-१ और टप्पा-३ के अंतर्गत २०० द.ल.ली. तथा एमएमआरडीए की सूर्या योजना के तहत १५० द.ल.ली. इस प्रकार कुल ३५० द.ल.ली. पानी की आपूर्ति की जाती है। लेकिन मौजे ढेकाले में जलवाहिनी (पाइपलाइन) जोड़ने के लिए शुक्रवार, १२ सितंबर सुबह १०:०० बजे से लेकर रविवार, १४ सितंबर सुबह १०:०० बजे तक, पुरानी सुर्या योजना (टप्पा-१) के माध्यम से होने वाली जलापूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। इसी दिन १२ सितंबर को मौजे काशिद कोपर में पाइपलाइन पर वाल्व की मरम्मत की जाएगी। इस कार्य के चलते नई सूर्या योजना और एमएमआरडीए की योजना से होने वाली जलापूर्ति भी सुबह १०:०० से रात १०:०० बजे तक पूरी तरह बंद रहेगी। १२ सितंबर को सुबह १०:०० बजे से रात १०:०० बजे तक वसई-विरार क्षेत्र में पूरी तरह से जल आपूर्ति बंद रहेगी। इसके बाद अगले २४ घंटे तक जलापूर्ति अनियमित और कम दबाव से हो सकती है। महानगरपालिका प्रशासन ने निवासियों से अपील की है कि वे इस अवधि के दौरान संयम रखें।
