मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिटिंडर ने भारत में लॉन्च किया नया सुरक्षा फीचर, फर्जी प्रोफाइल्स पर...

टिंडर ने भारत में लॉन्च किया नया सुरक्षा फीचर, फर्जी प्रोफाइल्स पर लगेगी लगाम

नई दिल्ली। लोकप्रिय डेटिंग ऐप टिंडर ने भारत में अपना नया सुरक्षा फीचर ‘फेस चेक’ आधिकारिक रूप से लॉन्च कर दिया है। यह फीचर उपयोगकर्ताओं की प्रामाणिकता की पुष्टि करने के साथ-साथ फर्जी प्रोफाइल, बॉट्स और ऑनलाइन धोखाधड़ी पर लगाम लगाने के उद्देश्य से पेश किया गया है।

टिंडर का दावा है कि ‘फेस चेक’ इंडस्ट्री में अपनी तरह का पहला समाधान है, जो वीडियो सेल्फी के माध्यम से प्रोफाइल की पुष्टि करता है। इस फीचर के तहत, नए यूजर्स को एक अनिवार्य वीडियो सेल्फी देनी होगी, जो यह प्रमाणित करती है कि यूजर जीवंत और असली व्यक्ति है। यह सेल्फी प्रोफाइल फोटो से मिलान की जाती है और यदि दोनों मेल खाते हैं, तो यूजर को फोटो वेरिफाइड बैज दिया जाता है।

मैच ग्रुप के ट्रस्ट एंड सेफ्टी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट योएल रॉथ ने कहा, “भारत में फेस चेक ऐसे समय लॉन्च हुआ है जब ऑनलाइन प्रामाणिकता पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। यह फीचर टिंडर पर सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

कंपनी का कहना है कि यह तकनीक यूजर्स को बॉट्स और स्कैमर्स से बचाने में मदद करेगी और यूजर्स को असली और सार्थक कनेक्शन बनाने के लिए प्रेरित करेगी।

उपयोगकर्ताओं से मिले फीडबैक के आधार पर टिंडर का मानना है कि यह नया फीचर न केवल प्रोफाइल की गुणवत्ता को बेहतर बनाएगा, बल्कि लोगों के बीच विश्वास भी बढ़ाएगा। टिंडर का यह कदम भारत में ऑनलाइन डेटिंग को और अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक अहम प्रयास माना जा रहा है।

अन्य समाचार