स्थान: षण्मुखानंद सभागृह
समय: शाम ५ बजे
सामना संवाददाता / मुंबई
हिंदुत्व और महाराष्ट्र की जनता के अधिकारों के लिए संघर्षरत असली शिवसेना का ६०वां स्थापना दिवस समारोह आज मनाया जा रहा है। सायन स्थित षण्मुखानंद सभागृह में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस सभा में शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे अपने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे। हाल ही में छह सांसदों द्वारा पार्टी के व्हिप की अवहेलना कर बगावती रुख अपनाने की घटना के बाद उद्धव ठाकरे के भाषण पर सबकी निगाहें टिकी हैं। उनका हंटर वैâसे चलेगा, इस पर सभी का ध्यान है। कार्यक्रम में दंगल फेम प्रसिद्ध कवि नितीन चंदनशिवे और चर्चित स्टैंडअप कॉमेडियन मंदार भिडे की विशेष प्रस्तुतियां भी होंगी।
हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे ने १९ जून १९६६ को भूमिपुत्रों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए शिवसेना की स्थापना की थी। महाराष्ट्र की अस्मिता को मजबूत करने के साथ-साथ शिवसेना ने हिंदुत्व की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया। इस वर्ष शिवसेना अपने ६०वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। साथ ही यह वर्ष शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे की जन्मशताब्दी का भी वर्ष है, जिससे इस समारोह का महत्व और बढ़ गया है।
सदस्यता अभियान का शुभारंभ
समारोह के दौरान वर्ष २०२६ से २०२८ तक के लिए शिवसेना की प्राथमिक सदस्यता अभियान की शुरुआत उद्धव ठाकरे करेंगे। सबसे पहला सदस्यता फॉर्म स्वयं उद्धव ठाकरे भरकर सदस्यता अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद राज्यभर में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
‘दंगल’ फेम नितीन चंदनशिवे की कविताएं
यह समारोह विचार, प्रेरणा और मनोरंजन का अनूठा संगम साबित होगा। अपनी चर्चित कविताओं ‘दंगल’ और ‘हमारे कांबले’ के लिए प्रसिद्ध कवि नितीन चंदनशिवे अपनी ओजस्वी और जनजागरण से जुड़ी कविताओं का प्रस्तुतीकरण करेंगे।
मंदार भिडे का हास्य और राजनीतिक व्यंग्य
प्रसिद्ध स्टैंडअप कॉमेडियन मंदार भिडे अपने हास्य और राजनीतिक व्यंग्य से कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का मनोरंजन करेंगे। इसके अलावा शिवसेना उपनेता और प्रसिद्ध वक्ता नितीन बानगुडे पाटील ‘भगवा’ विषय पर प्रेरणादायी और विचारोत्तेजक व्याख्यान देंगे।
प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को प्रमाणपत्र
शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे की जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर भूमिपुत्र युवाओं को लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए ‘शिवसेना भवन’ में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को इस समारोह में उद्धव ठाकरे के हाथों प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।
