-मृत व्यक्ति की जमीन बेचने वाले मास्टरमाइंड सहित तीन गिरफ्तार
-फर्जी दस्तावेजों की मदद से कर दिया करोड़ों का सौदा
सुरेश गोलानी / मुंबई
नाम में समानता का फायदा उठाकर मृत व्यक्ति की मीरा रोड स्थित करोड़ों रुपए की जमीन को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर फिल्मी अंदाज में बेचने वाले मास्टरमाइंड सहित तीन लोगों को काशीमीरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शिकायतकर्ता-मनीष धरणीधर शहा ने पुलिस को दिए अपने बयान में दावा किया कि उनके पिता धरणीधर खिमचंद शहा (डीके शहा) की स्वामित्व वाली मिरे गांव स्थित लगभग २१ ऐकर जमीन को भावनगर (सूरत) के रहने वाले धर्मेशभाई केशवजी शहा (डीके शहा) ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर विनुभाई पोपटभाई रवानी, अमृतभाई प्रेमजीभाई रमानी और अन्य लोगों को बेच दिया।
असली मालिक धर्मेशभाई केशवजी शहा (डी के शहा) का देहांत सन १९९४ में हुआ और जमीन के वारिस के रूप शिकायतकर्ता की पत्नी और बेटे का नाम औपचारिक दस्तावेजों में दर्ज है। शिकायत की पुष्टि के बाद काशीमीरा पुलिस ने इस संदर्भ में संदिग्धों के खिलाफ २ जुलाई २०२५ को आपराधिक मामला दर्ज कर लिया। मामला दर्ज होने के बाद से ही तीनों आरोपी फरार चल रहे थे।
खबरी नेटवर्क और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से मिली जानकारी के बाद अपर पुलिस आयुक्त दत्तात्रय शिंदे के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कांबले ने अपनी टीम के साथ जाल बिछाया और मास्टरमाइंड धर्मेशभाई केशवजी शहा (डीके शहा) सहित तीनों को काशीमीरा के पेनकरपाड़ा इलाके से धरदबोचा। प्रॉपर्टी एजेंट का काम करने वाले मास्टरमाइंड धर्मेशभाई केशवजी शहा (डीके शहा) ने मृत व्यक्ति और अपने नाम में समानता का फायदा उठाते हुए पूरे साजिश को अंजाम दिया।
