मुख्यपृष्ठसमाचारशास्त्री पुल की मरम्मत होने से एक लेन में ही आवागमन, जाम...

शास्त्री पुल की मरम्मत होने से एक लेन में ही आवागमन, जाम में फंसे रहे राहगीर

राजेश सरकार / प्रयागराज

-झूंसी और ट्रैफिक पुलिस ने संभाली व्यवस्था

शहर को गंगापार से जोड़ने वाले अतिव्यस्त शास्त्री पुल की एक लेन बंद होने से शुक्रवार को भीषण जाम लगा रहा। राहगीर घंटों परेशान रहे और भीषण जाम से निकलने में मशक्कत करते दिखे। शहर के महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल शास्त्री पुल पर एक लेन बंद होने के कारण शुक्रवार को भारी जाम की स्थिति बनी रही। सुबह से ही पुल पर वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं, जो दोपहर बाद करीब 3 बजे तक बनी रहीं। जाम के कारण हजारों वाहन चालक और राहगीर घंटों तक फंसे रहे।
बताया जा रहा है कि शास्त्री पुल की एक लेन को मरम्मत कार्य के लिए बंद किया गया है। पुल पर वाहनों का दबाव ज्यादा होने के कारण एक ही लेन से यातायात संचालित करना चुनौतीपूर्ण हो गया था। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई और यातायात की रफ्तार पूरी तरह धीमी पड़ गई। जाम की सूचना मिलने पर झूंसी और यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था संभालने का प्रयास किया और वाहन चालकों को नियंत्रित तरीके से आगे बढ़ने की अपील की।
कुछ समय के लिए पुल पर दो लेन से आवागमन शुरू कराया गया, जिससे जाम में थोड़ी राहत मिली। लेकिन एक लेन फिर से बंद किए जाने के बाद यातायात का दबाव बढ़ गया और स्थिति दोबारा गंभीर हो गई। कई लोग अपने जरूरी कामों के लिए निकले थे, लेकिन जाम में फंसने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कई बार कुछ वाहन चालक बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास करते हुए दिखे, जिससे यातायात व्यवस्था और खराब हो रही थी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे धैर्य बनाए रखें और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। प्रशासन की ओर से लोगों को सलाह दी गई है कि वे शास्त्री पुल मार्ग पर जाने से पहले यातायात की स्थिति की जानकारी लें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। मरम्मत कार्य पूरा होने तक वाहन चालकों से सहयोग की अपील की गई है। फिलहाल पुलिस टीम मौके पर तैनात है और यातायात को सामान्य करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

अन्य समाचार

नाराजगी