-स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी
द्रुप्ति झा / मुंबई
वर्ली के स्थानीय निवासियों ने इलाके में तेजी से बढ़ती यातायात समस्या और सड़क सुरक्षा संबंधी चिंताओं को लेकर गहरा आक्रोश जताया है। निवासियों का कहना है कि पिछले कुछ समय में लापरवाही पूर्ण ड्राइविंग, नो-पार्किंग जोन में गाड़ियां खड़ी करने और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी के मामलों में बढ़ोतरी हुई है, जिससे पैदल चलने वालों और अन्य वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ गई है।
सी-फेस और मुख्य संपर्क मार्गों पर देर रात रैश ड्राइविंग और रेसिंग की घटनाएं आम हो गई हैं। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और रिहायशी सोसायटियों के बाहर अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के कारण सड़कों पर भारी जाम लग रहा है। फुटपाथों पर अतिक्रमण और जेब्रा क्रॉसिंग पर गाड़ियों के आड़े-तिरछे खड़े होने से बुजुर्गों और बच्चों को सड़क पार करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी और वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि वर्ली में ट्रैफिक की स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। पीक आवर्स के दौरान न केवल जाम की समस्या होती है, बल्कि नियमों को तोड़ने वालों में ट्रैफिक पुलिस का कोई खौफ नहीं दिखता है। लोगों की मांग है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारी जुर्माना और लाइसेंस निलंबन जैसी सख्त कार्रवाई की जाए।
