सामना संवाददाता / मुंबई
आसमानी और सुलतानी संकटों से बेहाल मराठवाड़ा के किसानों को दिलासा देने के लिए शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे आज से महाराष्ट्र दौरे पर हैं। इस दौरान वे मराठवाड़ा जाएंगे। भारी बारिश से बर्बाद हुए किसानों को नुकसान भरपाई के हजारों करोड़ रुपयों की घोषणा की गई, लेकिन अबतक एक फूटी कौड़ी नहीं दी गई। महायुति सरकार ने बाढ़ आपदा त्रस्त लोगों के साथ जो धोखा किया है, उसके खिलाफ उद्धव ठाकरे ५ से ८ नवंबर के बीच इन बाढ़ग्रस्त किसानों से सीधे संवाद करेंगे। साथ ही सरकार की झूठी योजनाओं का पर्दाफाश कर ‘दगाबाज सरकार’ का असली चेहरा जनता के सामने लाएंगे। सरकार की फरेबी नीतियों का भंडाफोड़ करने वाले इस दौरे का नाम ‘दगाबाज रे’ दिया गया है। इस दौरान उद्धव ठाकरे यह भी पता करेंगे कि अब तक सरकार की ओर से कितना मुआवजा किसानों के खातों में जमा हुआ है, ऐसी जानकारी शिवसेना नेता अंबादास दानवे ने दी।
मुआवजे के नाम पर दे रही है पांच-दस रुपए!
आज से शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे का महाराष्ट्र दौरा शुरू हो रहा है। इस दौरान वे मराठवाड़ा जाएंगे। शिवसेना के पूर्व सांसद चंद्रकांत खैरे समेत मराठवाड़ा के शिवसेना के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी भी इस दौरे में सहभागी होंगे। अतिवृष्टि से प्रभावित गांवों में जाकर उद्धव ठाकरे किसानों की समस्याएं सुनेंगे और यह जानकारी लेंगे कि अब तक उन्हें कितनी और किस प्रकार की मदद सरकार की ओर से मिली है। दिवाली को दस दिन बीत चुके हैं, तुलसी विवाह भी हो गया है, फिर भी किसान अब तक सरकारी मदद का इंतजार कर रहे हैं। यह हकीकत बार-बार सामने आ रही है।
सरकार की ओर से मुआवजे के नाम पर किसानों के खातों में पांच रुपए, दस रुपए जमा किए जा रहे हैं। जिससे किसान अपमानित और आक्रोशित हैं।
उद्धव ठाकरे का यह मराठवाड़ा दौरा वहां के किसानों के लिए बड़ी राहत देने वाला साबित हो सकता है। तथाकथित ‘माई बाप सरकार’ ने जिन किसानों की अनदेखी की है, वे आज भी न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं। उद्धव ठाकरे इस दौरे में न केवल किसानों से संवाद करेंगे, बल्कि शिवसेना पदाधिकारियों को यह भी मार्गदर्शन देंगे कि सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक सही तरह से वैâसे पहुंचाया जाए। इस दौरे की विशेषता यह है कि उद्धव ठाकरे मराठवाड़ा के गांव-गांव जाकर वहां की चौपालों और ग्रामसभा स्थलों पर किसानों से सीधे संवाद करेंगे, उनकी पीड़ा जानेंगे।
