राधेश्याम सिंह / वसई
पालघर जिले के वसई से एक दिल दहला देने वाली घटना प्रकाश में आई है, मामा ने ही अपनी 16 वर्षीय भांजी कोमल सोनार को चलती लोकल ट्रेन से धक्का देकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस हैवानियत को अंजाम देने वाला आरोपी मामा अर्जुन सोनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। परिवार के अनुसार, कोमल 15 नवंबर 2025 को अचानक घर से निकल गई थी। तलाश करने पर वह 16 नवंबर की सुबह नालासोपारा में अपने छोटे मामा अर्जुन सोनी के घर पर मिली, जब उसकी बड़ी मामी अंजली उसे लेने पहुंची, उससे पहले ही कोमल फिर से गायब हो गई। शक के आधार पर अंजली सोनी ने वालीव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया। शिकायत दर्ज होने के बाद कोमल के मोबाइल से आरोपी अर्जुन ने कॉल करके बताया कि कोमल उसके साथ है, लेकिन परिवार के बार बार बुलाने के बाद भी वह उसे घर नहीं लाया, तभी 17 नवंबर को कोमल की मां को यह पता चला कि कोमल की भाईंदर क्षेत्र में रेल दुर्घटना में मौत हो चुकी है। जब मां पुलिस स्टेशन पहुंचीं, तो उन्होंने देखा कि आरोपी अर्जुन पहले से ही पुलिस हिरासत में है। रेलवे पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों भाईंदर स्टेशन से चर्चगेट-विरार लोकल के फर्स्ट क्लास डिब्बे में सवार हुए थे। दरवाज़े के पास खड़े रहने के दौरान आरोपी अर्जुन ने कोमल को पीछे से धक्का दे दिया,जिससे वह नायगांव के पास ट्रैक पर गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी विक्रम नंदू झा, जो विरार के रहने वाले हैं ने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी और अन्य यात्रियों की मदद से आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। झा का बयान वसई रोड रेलवे पुलिस ने दर्ज कर लिया है। फिलहाल, आरोपी अर्जुन सोनी वालीव पुलिस की गिरफ्त में है। कोमल के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए टेंभा हॉस्पिटल, भाईंदर भेज दिया गया है। क्यों आरोपी मामा ने यह खौफनाक कदम उठाया, इसका कारण अब तक सामने नहीं आया है। पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
