मुख्यपृष्ठसमाचारएसआईआर के तहत जल्द ही 12 राज्यों में 51 करोड़ लोगों की...

एसआईआर के तहत जल्द ही 12 राज्यों में 51 करोड़ लोगों की मतदाता सूची का शुद्धिकरण होगा- मुख्य चुनाव आयुक्त

मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ

देश में चुनावी तैयारियों और सुधारों के बीच, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कानपुर में एसआईआर को लेकर कहा कि जल्द ही 12 राज्यों में 51 करोड़ लोगों की मतदाता सूची का शुद्धिकरण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ने इसे ‘विश्व का अभी तक का सबसे बड़ा शुद्धिकरण कार्यक्रम’ बताया। ज्ञानेश कुमार ने यह बयान ऐसे समय दिया जब वह बिहार विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच मीडिया से मुखातिब थे।

ज्ञानेश कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग लगातार मतदाता सूचियों को त्रुटिहीन और अपडेट करने का काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि अकेले बिहार का शुद्धिकरण कार्यक्रम ही “विश्व का अभी तक का सबसे बड़ा शुद्धिकरण कार्यक्रम” रहा है। जिस दिन अगले 12 राज्यों में 51 करोड़ लोगों की मतदाता सूची का शुद्धिकरण होगा, तो यह भी एक ऐसा कार्य होगा जो शायद भूतकाल में इस स्तर पर कभी नहीं किया गया। इस बड़े पैमाने के शुद्धिकरण कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची से फर्जी या दोहरी प्रविष्टियों को हटाना और यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक योग्य नागरिक का नाम सही ढंग से सूची में शामिल हो, जिससे चुनाव प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सटीक बन सके।

कानपुर में पत्रकारों से बात करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आयोग की तैयारियों पर भी बात की। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग के लिए ‘न कोई पक्ष है, न कोई विपक्ष है, सब समकक्ष हैं’। बिहार के मोकामा में एक हत्याकांड के बाद यहां से एनडीए प्रत्याशी अनंत सिंह को अरेस्ट किया गया है। इसके बाद बिहार चुनावों में हिंसा को लेकर जबर्दस्त चर्चा है। इसी क्रम में मुख्य चुनाव आयुक्त ने कानपुर में स्पष्ट कहा कि चुनाव आयोग ने हिंसा पर जीरो टॉलरेंस की नीति बना रखी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि हिंसा की कोई भी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मतदाता शांतिपूर्वक, स्वेच्छा से, पारदर्शी तरीके से मतदान कर पाएंगे।

अन्य समाचार