-सभी की निगाहें 27 अक्टूबर पर…तेजस्वी ने हेराफेरी का आरोप लगाया, उमेश कुशवाहा ने कहा-हम सभी सीटें जीत रहे
अनिल मिश्र / पटना
बिहार विधान परिषद की आठ स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान संपन्न हो गया। आज शुक्रवार सुबह आठ बजे से शुरू हुए मतदान की प्रक्रिया शाम पांच बजे समाप्त हुई। वहीं मतों की गिनती पर सभी की निगाहें टिकी हुई है। 27 अक्टूबर को चुनाव का परिणाम घोषित किया जाएगा।इस बीच, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने सभी आठ सीटों पर जीत का दावा किया है। उनके इस दावे के बाद चुनाव परिणामों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। वहीं मतदान पूरा होने के बाद अब प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला मतगणना के दिन होगा। 27 अक्टूबर को नतीजे सामने आने के बाद स्पष्ट हो सकेगा कि बिहार विधान परिषद की इन सीटों पर किस दल और उम्मीदवार को जीत मिलती है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना के 36.19, तिरहुत के 42.15, दरभंगा के 42 और कोसी के 52.51 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया है। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना के 56.89, तिरहुत के 78.10, दरभंगा के 79 और सारण के 87.16 प्रतिशत वोटरों ने वोट गिराया है। अंतिम आंकड़ा आने पर यह नंबर कुछ और बढ़ सकता है। स्नातक में पटना से जेडीयू के नीरज कुमार, दरभंगा से बीजेपी के सर्वेश कुमार, तिरहुत से निर्दलीय वंशीधर ब्रजवासी और कोसी से बीजेपी के एनके यादव अभी एमएलसी हैं। टीचर में पटना से दरभंगा से कांग्रेस के मदन मोहन झा, भाजपा के नवल किशोर यादव, तिरहुत से सीपीआई के संजय सिंह और सारण से जन सुराज पार्टी के अफाक अहमद विधान पार्षद हैं। इनका कार्यकाल 16 नवंबर तक है।इस बीच राजद नेता तेजस्वी यादव ने एमएलसी चुनाव में भी वोट की हेराफेरी का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को वोट चोरी की ऐसी लत लग चुकी है कि अब वो बिहार में 4 शिक्षक तथा 4 स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में भी फर्जी वोट जुड़वा कर हेर-फेर करना चाहती है। तेजस्वी ने लिखा है कि 16 जिलों में 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के 40253 मतदाता हैं, लेकिन उसमें भी इन्होंने फर्जी मतदाता जुड़वा दिए। वहीं बिहार प्रदेश जदयू अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा है कि झूठ और दुष्प्रचार की राजनीति करने वाले विपक्ष को शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं ने खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि मतदान खत्म होने के बाद सभी आठ सीटों से मिल रहे फीडबैक से स्पष्ट है कि एनडीए के प्रति व्यापक समर्थन और उत्साह है। कुशवाहा ने सभी आठ सीटों पर एनडीए कैंडिडेट की बड़े अंतर से जीत का दावा किया है।
