बॉलीवुड में स्टार का बेटा होना भी हर मुसीबत का सुरक्षा कवच नहीं है! दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती के बेटे नमाशी चक्रवर्ती ने अपने संघर्ष के दिनों का ऐसा किस्सा सुनाया है, जिसने फिल्मी दुनिया की चमक-दमक के पीछे छिपे काले सच पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। नमाशी के मुताबिक, ऑडिशन के दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें रात ११ बजे अपने घर मिलने बुलाया और फिल्म में भूमिका दिलाने की बात कही। कथित तौर पर उन्हें भद्दे संदेश भी भेजे गए। नमाशी ने पिता मिथुन को इसकी जानकारी दी। बाद में जब उस व्यक्ति को पता चला कि नमाशी किसके बेटे हैं, तो उसने माफी मांग ली। लेकिन नमाशी के मन में सवाल रह गया कि अगर उनकी जगह कोई आम लड़का होता, तो क्या होता? उनका कहना है कि बाहरी कलाकारों को आज भी ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। यानी बॉलीवुड में प्रतिभा के साथ पहचान भी कई बार बड़ा फर्क पैदा करती है!
