मुख्यपृष्ठनए समाचारमुलुंड में नाले के पुल का काम दो साल से लटका!

मुलुंड में नाले के पुल का काम दो साल से लटका!

-मनपा की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
-कांग्रेस ने मांगी जवाबदेही
संदीप पांडेय / मुंबई
मुंबई के मुलुंड (पश्चिम) में नागरिक सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों में देरी का मुद्दा एक बार फिर सामने आया है। विठ्ठल नगर स्थित सेवाराम ललवानी रोड पर नाले के पुल का निर्माण कार्य करीब दो वर्षों से लंबित होने का दावा करते हुए महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता राकेश शंकर शेट्टी ने मनपा के ब्रिज विभाग से जवाब मांगा है। उन्होंने सवाल उठाया है कि आखिर पुल का काम इतने लंबे समय से क्यों अटका हुआ है और इसे पूरा करने की निश्चित समय-सीमा क्या है?
शेट्टी ने इस संबंध में संबंधित सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर निर्माण में देरी का लिखित स्पष्टीकरण देने और शेष काम पूरा करने के लिए चरणबद्ध कार्यक्रम घोषित करने की मांग की है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य में देरी से स्थानीय निवासियों और इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
आश्वासन नहीं, समय-सीमा चाहिए
कांग्रेस नेता ने मांग की है कि यदि जांच में ठेकेदार या संबंधित अधिकारियों की लापरवाही सामने आती है, तो नियमानुसार जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाए। उन्होंने निर्माण पूरा होने तक नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षित पैदल मार्ग उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया है। शेट्टी ने ज्ञापन मिलने के सात कार्यदिवसों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट देने की मांग की है। इसमें अब तक हुई कार्रवाई, प्रस्तावित सुधारात्मक उपायों और पुल के निर्माण की अंतिम समय-सीमा की स्पष्ट जानकारी देने को कहा गया है। राकेश शंकर शेट्टी ने वरिष्ठ अधिकारियों से निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने की भी मांग की है और कहा है कि पुल का काम पूरा होने के बाद आवश्यक सुरक्षा जांच सुनिश्चित कर ही उसे जनता के इस्तेमाल के लिए खोला जाना चाहिए।

अन्य समाचार