-एक ही परिवार के चार लोगों के साथ दो मजदूरों की हुई मौत, एक दर्जन घायल, दो घंटे तक गूंजती रही पटाखे की आवाज
अनिल मिश्र / पटना
बिहार प्रदेश के सिवान जिले से जुड़ी आज की सबसे बड़ी खबर जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव से है, जहाँ दिवाली के लिए पटाखे बनाते समय एक मकान में भीषण विस्फोट हो गया है। सिवान के जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में पटाखे बनाते समय एक मकान में जोरदार धमाका हुआ है, जिसमें प्रारंभिक सूचना के अनुसार, छह लोगों की मौत की पुष्टि हो रही है और एक दर्जन लोग घायल हैं। इस बीच खबर है कि लगातार दो घंटे तक धमाकों के कारण राहत और बचाव कार्य में भी दिक्कतें आती रही। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सिवान जिले के जामो थाना क्षेत्र के बड़हिया -आलमापुर गांव में आज शुक्रवार को पटाखा बनाने के दौरान भीषण विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।इस घटना में अमरुद्दीन मियां के परिवार के चार सदस्यों और दो अन्य मजदूरों समेत कुल छह लोगों की मौत की सूचना मिल रही है। हालांकि, मृतकों की कुल संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। वहीं स्थानीय लोगों के अनुसार, आलमापुर गांव निवासी अमरुद्दीन मियां के घर में पूर्वजों के जमाने से पटाखे बनाने का काम होता आ रहा था। इसी दौरान शुक्रवार को पटाखा बनाने के क्रम में अचानक विस्फोट हो गया। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। वहीं इस फैक्ट्री के आस-पास रहे करीब एक दर्जन लोगों को सिवान सदर अस्पताल एवं दूसरे निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं इस बीच आमलोगों में चर्चा तेज है कि यह पटाखा फैक्ट्री अवैध रूप से चल रहा था अथवा प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से लाइसेंस जारी किया गया था। वैसे यह तो अब जांच के दौरान ही पता चल पायेगा। फिलहाल, घटनास्थल पर जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। गौरतलब हो कि दिपावली के मौके पर बिहार प्रदेश सहित पूरे देश भर में अवैध पटाखे का करोबार और भंडारण की सूचना विस्फोट और जान माल की क्षति होने की बात सामने आती रही है।
