-सुबह तक निकलीं चौकियां, भारी भीड़ के बीच कोतवाल की टीम ने संभाली सुरक्षा कमान
-श्री हनुमान रोशनी कमेटी ने किया सम्मानित
राजेश सरकार / प्रयागराज
शहर से लगायत नये बिजनेस हब नैनी में दशहरा पर्व कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। दशहरा मेले में उमड़ी भारी भीड़ और देर रात से सुबह सात बजे तक निकलीं विभिन्न चौकियों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती रही। हालांकि, कुछ मामूली विवादों को छोड़कर किसी बड़ी घटना की सूचना नहीं मिली। पुलिस की मुस्तैदी और सतर्कता के चलते दशहरा का आयोजन सकुशल रहा।
दशहरा मेले के दौरान नैनी कोतवाली निरीक्षक अविनाश सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ लगातार सक्रिय रहे। उन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्कता बरतते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रयास किए। चौकियों के जुलूस और मेले में श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी के बीच पुलिसकर्मियों की सक्रियता से व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में मदद मिली।
दशहरा पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर श्री हनुमान रोशनी कमेटी की ओर से नैनी कोतवाली निरीक्षक अविनाश सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कमेटी के पदाधिकारियों ने उन्हें माल्यार्पण कर अंगवस्त्र भेंट किया और पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस के योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर श्री हनुमान रोशनी कमेटी के प्रभारी देवाशीष श्रीवास्तव, अध्यक्ष राजकुमार कुशवाहा, महामंत्री गोविंद चौरसिया, वीरेंद्र पांडेय सहित कमेटी के अनेक सदस्य एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
