सामना संवाददाता / जौनपुर
जनपद के तेजीबाजार क्षेत्र के कपूरपुर, तेजीबाजार में धर्मेंद्र सिंह (राज ग्रुप) के निज निवास पर श्रीराम कथा का शुभारंभ श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में हुआ। कथा के प्रथम दिन देर शाम तक श्रद्धालु भगवान श्रीराम की कथा का रसपान करते रहे। कथा स्थल पर भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा।कथा का शुभारंभ गुरु वंदना, इष्ट स्मरण और श्री रामचरितमानस के श्लोकों के गान के साथ होता है। कथा व्यास द्वारा यह बताया गया कि ‘राम’ नाम अविनाशी, कल्याणकारी और सबसे बड़ा महामंत्र है। यह जन्म से लेकर मृत्यु तक हर स्थिति में मनुष्य का आधार बनता है। राम कथा केवल एक साधारण गाथा नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की उत्तम कला और मार्गदर्शक है।कथा के समापन पर विधि-विधान से भगवान श्रीराम की आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ आरती में सहभागिता की और प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का वातावरण देखने को मिला।
