मोदी सरकार पर गरजा विपक्ष
कांग्रेस ने मांगा शिक्षा मंत्री का इस्तीफा
दिल्ली में हुई इंडिया गठबंधन की मैराथन बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। खड़गे ने कहा कि विपक्षी दल अब और मजबूती से लड़ाई लड़ेंगे और जनता के मुद्दों को लगातार उठाएंगे। उन्होंने कहा कि गठबंधन पांच बड़े मुद्दों पर एकमत हुआ है और आने वाले समय में सरकार को संसद से लेकर सड़क तक घेरने की तैयारी की जाएगी। खड़गे ने साफ कहा कि हम लड़ेंगे और आगे बढ़ेंगे। बैठक में करीब २५ विपक्षी दलों ने हिस्सा लिया।
बैठक के बाद खड़गे ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर कहा कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियां लाखों छात्रों की मेहनत और उम्मीदों को बर्बाद कर रही हैं। इसी मुद्दे को लेकर इंडिया गठबंधन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। खड़गे ने आरोप लगाया कि सरकार परीक्षा व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल रही है। गठबंधन मानसून सत्र में भी इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाएगा। खड़गे ने आरोप लगाया कि देश में आम लोगों की जिंदगी मुश्किल होती जा रही है, लेकिन सरकार गंभीर नहीं है। बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी ने मध्यम वर्ग को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। अब इन मुद्दों पर संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों लोगों को मतदान अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। बैठक के जरिए विपक्ष ने यह संदेश दिया कि भाजपा के खिलाफ लड़ाई अब और आक्रामक तरीके से लड़ी जाएगी।
किए पांच बड़े एलान
महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक मुद्दे को देशभर में जोरदार तरीके से उठाया जाएगा।
नीट पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार को घेरा जाएगा।
मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर एसआईआर प्रक्रिया और मतदान अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाएगा।
यह बैठक अब हर दो महीने में होगी। अगली बैठक आठ अगस्त को हैदराबाद में होगी।
मानसून सत्र में सभी विपक्षी दल मिलकर मोदी सरकार के खिलाफ साझा रणनीति के तहत मुद्दे उठाएंगे।
