मुख्यपृष्ठनए समाचारराहत पैकेज जारी करने में क्यों हो रही देरी? ... जम्मू वालों...

राहत पैकेज जारी करने में क्यों हो रही देरी? … जम्मू वालों से मोदी सरकार कर रही है सौतेला व्यवहार! …केंद्र सरकार पर शिवसेना का आरोप

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) जम्मू-कश्मीर इकाई ने भयावह आपदाओं से जूझ रहे केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) जम्मू-कश्मीर में राहत पैकेज जारी होने में देरी पर कटाक्ष करते हुए केंद्र की मोदी सरकार को जम्मू-कश्मीर का केंद्र द्वारा शासित प्रदेश होने की याद दिलाई है। इसके साथ ही बॉलीवुड हस्तियों से भी मदद के लिए आगे आने की गुहार लगाई गई। प्रदेश इकाईप्रमुख मनीष साहनी ने केंद्र की मोदी सरकार पर जम्मू से सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
बता दें कि पार्टी की बुधवार को प्रदेश मध्यवर्ती कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में इकाईप्रमुख मनीष साहनी ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं का दौर कुछ हद तक थमा है मगर प्रभावितों के आंकड़ों में उछाल जारी है। जम्मू, रियासी के बाद पुंछ जिले के कलाबन गांव में भी जमीन धंसने से ५० से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। साहनी ने कहा कि जम्मू संभाग के साथ भेदभाव के मुद्दों पर आवाज बुलंद कर जीत दर्ज करने वाली भाजपा द्वारा आज जम्मू संभाग के लोगों को राहत पैकेज जारी करने में लेट-लतीफी का रवैया अपनाया जा रहा है। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पड़ोसी पंजाब, हिमाचल की आपदा का स्वयं आकलन करने के साथ राहत पैकेज की घोषणा की जा चुकी है। जबकि सबसे अधिक आपदाग्रस्त जम्मू-कश्मीर उनकी प्राथमिकता से कोसों दूर जान पड़ता है। साहनी ने कहा कि राहत पैकेज जारी होने में हो रही देरी से स्थिति और भी जटिल बनती जा रही है। मौसम करवट लेने लगा है, टेंटों व खुले मैदानों में डेरा डाले, बेघर लोगों की मुसीबतें बढ़ने लगी हैं।
बॉलीवुड हस्तियों से भी लगाई मदद की गुहार
राहत पैकेज जारी होने पर देरी, लोगों को सौतेला व्यवहार का अहसास दिला रहा है। साहनी ने `द कश्मीर फाइल १-२’, `हैदर’ जैसी फीचर फिल्में बनाकर करोड़ों रुपए डकारने वालों समेत प्रदेश में फिल्मों व सीरियल्स की शूटिंग करने, प्रमोशन के लिए माता वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाने वाली बॉलीवुड की अन्य हस्तियों से भी मदद के लिए गुहार लगाई है।

अन्य समाचार