सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य में मनपा चुनावों के नतीजों के बाद अब जिला परिषद चुनावों की घोषणा हो चुकी है। इसी बीच आगामी चुनाव बैलट पेपर से कराए जाने की मांग को लेकर कल प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग के दफ्तर में घुस गए। इससे वहां भारी अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
जिला परिषद चुनाव बैलट से कराने की मांग!
विधानसभा, नगरपालिका और महापालिका चुनावों में भाजपा की एकतरफा जीत के बाद विपक्षी संगठनों द्वारा ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। राज्य चुनाव आयुक्त द्वारा ईवीएम को लेकर बार-बार स्पष्टीकरण दिए जाने के बावजूद विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को धर्मवीर छत्रपति संभाजी राजे शौर्य प्रतिष्ठान के कार्यकर्ताओं ने मुंबई स्थित राज्य चुनाव आयोग के कार्यालय में घुसकर जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने ईवीएम हटाओ, देश बचाओ के नारे लगाते हुए आगामी जिला परिषद चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रतिष्ठान की महिला अध्यक्ष राजश्री उंबरे पाटील कर रही थीं। उनके साथ मौजूद कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल ईवीएम के माध्यम से चुनाव जीत रहा है और चुनाव आयोग उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहा। इस दौरान कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अचानक हुई नारेबाजी और भीड़ को देखते हुए पुलिस को मौके पर हस्तक्षेप करना पड़ा।
