मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
मुरादाबाद में सिविल लाइंस पुलिस ने महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पांच माह से फरार चल रहे अगवानपुर मंडल के भाजपा मंडल मंत्री भूदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पीड़ित महिला ने आरोपी की गिरफ्तार के लिए मुख्यमंत्री पोर्टल और एडीजे बरेली को शिकायती पत्र भेजा था। छजलैट थानाक्षेत्र के गांव की रहने वाली महिला ने जुलाई 2023 में सिविल लाइंस थाने में सामूहिक का केस दर्ज कराया था, जिसमें आरोप था कि बिजनौर जाते समय उसकी मुलाकात कोकरपुर निवासी राहुल शर्मा से हुई थी। राहुल ने उसको नौकरी लगवाने की बात कही और कुछ दिन बाद ही हरथला में एक मकान में ले गया। यहां पहले से भाजपा का मंडल मंत्री भूदेव सिंह और सचिन समेत चार लोग बैठे हुए थे, तब सभी लोगों ने युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया।
विरोध किया तो आरोपियों ने तमंचा दिखाकर धमकी दी। पुलिस ने राहुल और अरुण को जेल भेज दिया, जबकि विवेचना में भूदेव और सचिन के नाम निकाल दिए थे, लेकिन युवती ने कोर्ट में बयान दर्ज कराकर दोनों के नाम निकालने पर आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर भूदेव और सचिन के फिर से नाम केस में शामिल हो गए, जिसके बाद न्यायालय ने भूदेव को पेश होने के लिए कोर्ट में आने को कहा, लेकिन भूदेव कोर्ट नहीं पहुंचा, इसके बाद कोर्ट ने भूदेव के खिलाफ दो बार वारंट जारी किए।
प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने बताया कि कोर्ट से वारंट होने पर बुधवार को भूदेव को न्यायालय में पेशी के बाद उसको जेल भेज दिया गया। उधर भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल का कहना कि भूदेव को फंसाया गया है।
