मुख्यपृष्ठनए समाचारमशाल के वोट पर जीते, अब जनता को जवाब दें! ... सांसद...

मशाल के वोट पर जीते, अब जनता को जवाब दें! … सांसद अरविंद सावंत की खुली चुनौती

सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना की ओर से संसदीय दल की बुलाई गई बैठक में अनुपस्थित सांसदों को नोटिस जारी किया गया है। शिवसेना नेता अरविंद सावंत ने स्पष्ट रूप से अनुपस्थित सांसदों को चेतावनी दी है कि बैठक से अनुपस्थित रहने वाले सांसदों को सात दिनों के भीतर जवाब देना होगा। जवाब संतोषजनक नहीं होने या उत्तर नहीं मिलने पर उनके खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों और दल-बदल संबंधी कार्रवाई शुरू की जाएगी। शिवसेना संसदीय दल के नेता अरविंद सावंत ने खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे शिवसेना और मशाल चुनाव चिह्न के नाम पर जीतकर संसद पहुंचे हैं। जनता ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से नहीं, बल्कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व और शिवसेना की विचारधारा पर भरोसा करके चुना है। उन्होंने कहा कि अगर इनमें हिम्मत है तो सांसद पद से इस्तीफा दें और दोबारा चुनाव लड़कर दिखाएं। जनता तय कर देगी कि वह किसके साथ है।

लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा
महाराष्ट्र में खुलेआम राजनीतिक बाजार लगाया गया है। सत्ता के दम पर विपक्षी दलों के सांसदों और विधायकों को तोड़ने का प्रयास लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के वोट से चुने गए प्रतिनिधियों को राजनीतिक लाभ और दबाव के जरिए पाला बदलने के लिए मजबूर किया जा रहा है। सावंत ने कहा कि जिन नेताओं को शिवसेना ने पहचान दी, टिकट दिया और जनता के बीच पहुंचाया, वही आज पार्टी छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं।

अन्य समाचार