मुख्यपृष्ठनए समाचार‘तुम लोग परजीवी हो...जेल में ही बंद रहो!'

‘तुम लोग परजीवी हो…जेल में ही बंद रहो!’

-कॉकरोच वाली टिप्पणी के बाद सीजेआई का फिर विवादित बयान

देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की कॉकरोच वाली टिप्पणी को लेकर देशभर में हुए बवाल के बाद अब सीजेआई ने एक बार एक ऐसी ही टिप्पणी की है। सीजेआई सूर्यकांत ने एक मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी को बेल देने से मना करते हुए कहा कि इस तरह के लोग परजीवी की तरह होते हैं और इसीलिए इनका जेल में ही रहना बेहतर है।
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने साइबर प्रâॉड के एक मामले पर सुनवाई चल रही थी। इस दौरान सीजेआई की अध्यक्षता वाली पीठ ने अपराधी को जमानत देने से साफ इनकार कर दिया। याचिका को खारिज करते हुए बेंच ने बेहद सख्त टिप्पणियां कीं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि साइबर अपराधी `परजीवी’ हैं, जो लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी करते हैं और उन्हें पकड़ना भी आसान नहीं होता। पीठ ने आगे कहा कि ऐसे अपराधियों को सलाखों के पीछे रखना ही समाज के हित में है। सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने आरोपी को फटकार लगाते हुए कहा, `तुम लोग परजीवी हो जो निवेशकों से करोड़ों रुपए ठगते हो। साइबर अपराधियों के प्रति हमें बहुत सख्त होना ही पड़ेगा।’ सीजेआई ने आगे साइबर अपराध के दायरे पर भी चिंता जताई। उन्होंने आगे कहा, ‘तुम लोग किसी एक राज्य तक सीमित नहीं रहते। तमिलनाडु में किसी से धोखाधड़ी करते हो और फिर वहां से जम्मू चले जाते हो। समाज का हित इसी में है कि तुम जैसे लोग जेल के अंदर ही रहें।’
विवाद बढ़ने पर दी थी सफाई
उनके इस बयान के बाद बवाल मच गया था। इसके बाद सीजेआई सूर्यकांत ने सफाई पेश करते हुए कहा था कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। सीजेआई ने एक बयान में कहा, `मुझे यह पढ़कर दुख हुआ कि मीडिया के एक वर्ग ने कल एक हल्के मामले की सुनवाई के दौरान मेरे द्वारा की गई मौखिक टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया है।’
कॉकरोच वाले बयान पर बवाल
गौरतलब है कि सीजेआई सूर्यकांत ने इससे पहले भी एक मामले में इस तरह की टिप्पणी की थी। तब उनके बयान पर खूब बवाल हुआ था। सीजेआई सूर्यकांत ने बीते महीने एक याचिका पर सुनवाई करते हुए कथित तौर पर बेरोजगार युवाओं की तुलना `कॉकरोच’ से कर दी थी। उन्होंने कहा था कि बेरोजगार युवा आगे चलकर मीडिया, सोशल मीडिया और आरटीआई कार्यकर्ता बन जाते हैं और फिर सिस्टम पर हमला शुरू कर देते हैं।

अन्य समाचार