पहाड़ों से विशेष लगाव रखनेवाली भगवान भोलेनाथ की भक्तिन सारा अली खान का दिल उस वक्त बुरी तरह टूट गया जब उत्तराखंड स्थित उत्त रकाशी के धराली गांव पर प्रकृति का रौद्र रूप कहर बनकर टूटा। फिल्मों की शूटिंग के बीच समय निकालकर अकसर शहर से दूर पहाड़ों की खूबसूरत वादियों में अपना वेकेशन बितानेवाली सारा ने धराली में बादल फटने के बाद मची तबाही को देख सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए अपना दुख प्रकट किया है। उत्तराखंड स्थित केदारनाथ धाम जाकर बाबा के चरणों में अपना शीश नवाने वाली सारा ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में लिखा, ‘यह सब देखकर मेरा दिल बैठा जा रहा है। उत्तरकाशी में हुई दर्दनाक घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं सभी की सुरक्षा, शक्ति और स्वास्थ्य के लिए ऊपरवाले से प्रार्थना करती हूं।’ अपनी संवेदनाएं प्रकट करने के साथ ही सारा ने उत्तरकाशी जिला आपातकालीन केंद्र द्वारा जारी इमरजेंसी नंबरों को भी शेयर किया है।
