मुख्यपृष्ठनए समाचार`संविधान को जानो' में वैशाली अव्वल...राजर्षि टंडन कॉलेज में सामूहिक प्रस्तावना पाठ

`संविधान को जानो’ में वैशाली अव्वल…राजर्षि टंडन कॉलेज में सामूहिक प्रस्तावना पाठ

 राजेश सरकार / प्रयागराज

मालवीय नगर स्थित राजर्षि टंडन महिला महाविद्यालय (संघटक, इलाहाबाद विश्वविद्यालय) में गुरुवार को राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा संविधान दिवस का भव्य आयोजन किया गया। वंदे मातरम् के गायन और प्राचार्य प्रो. अजय प्रकाश खरे को हरित पौधा भेंट कर कार्यक्रम का आत्मीय शुभारंभ हुआ।
प्राचार्य प्रो. खरे के नेतृत्व में उपस्थित सभी शिक्षकों और छात्राओं ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। अपने संबोधन में प्रो. खरे ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी संविधान की सफलता उसे चलाने वालों की नीयत और आचरण पर निर्भर करती है। वहीं, कार्यक्रम संयोजिका प्रो. नीलिमा सिंह ने संविधान सभा में महिलाओं, सभी धर्मों व जातियों के समावेशी प्रतिनिधित्व तथा सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
समारोह के दौरान पूर्व संध्या (25 नवंबर) को आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता ‘संविधान को जानो’ की विजेता छात्राओं को प्रमाण पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में वैशाली ने प्रथम, खुशी यादव ने द्वितीय, तन्नू सिंह ने तृतीय तथा प्रीती वर्मा ने सांत्वना स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. यशस्वी सिंह ने किया, जबकि संयोजन में डॉ. अमितेंद्र प्रताप सिंह व डॉ. विवेक सिंह का विशेष योगदान रहा। इस मौके पर प्रो. नमिता यादव, डॉ. अंशु त्रिपाठी, डॉ. वर्षा अग्रवाल, डॉ. यशस्वी पांडे, डॉ. अभिषेक तिवारी, नवीन पाठक सहित बड़ी संख्या में शोधार्थी व छात्राएं मौजूद रहीं। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।

अन्य समाचार