•पालिकाध्यक्ष समेत नगरवासियों ने की अगवानी
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
सिखों के नवें गुरु तेगबहादुर जी महाराज की ३५०वीं शहीदी शताब्दी के अवसर पर उनके अमर बलिदान और प्रेरणादायक संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निकली जागृति यात्रा मंगलवार को कुशनगरी सुल्तानपुर पहुंची।
ये जागृति यात्रा पटना साहिब गुरुद्वारा से प्रारंभ होकर विभिन्न राज्यों और नगरों से होते हुए आनंदपुर साहिब में संपन्न होगी। गुरु की महिमा का बखान करने निकली इस यात्रा की आगमन करने सिख समुदाय के साथ बड़ी संख्या विभिन्न धर्मों और वर्गों के लोग उमड़ पड़े। प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह श्रद्धालुओं ने रुमाला पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। शाहगंज चौराहे पर पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल के नेतृत्व में श्रीगुरुग्रंथसाहिब को रुमाला पुष्प अर्पित कर नमन किया व आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष अग्रवाल ने कहा कि,’गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान मानवता, सत्य और धर्म की रक्षा का प्रतीक है। यह यात्रा देश में शांति, आपसी सौहार्द और एकता का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। हमें गर्व है कि यह पवित्र यात्रा सुल्तानपुर पहुंची।’ इस अवसर पर श्रीगुरुग्रंथसाहिब, शहीदों के शस्त्रों और उनके जीवन से जुड़ी वस्तुएं भी प्रदर्शन के लिये साथ लाई गईं। जिनका अवलोकन कर श्रद्धालु भावविह्वल हो उठे।
