मुख्यपृष्ठखबरेंनैनी जेल में कैश मिलने का मामला: स्टाफ और बंदियों की तालमेल...

नैनी जेल में कैश मिलने का मामला: स्टाफ और बंदियों की तालमेल से अली के पास पहुंचा कैश

मामले की जांच समिति की रिपोर्ट सीएम योगी को भेजी जाएगी
सामना संवाददाता / प्रयागराज

स्टाफ और बंदियों के बीच तालमेल के चलते सेंट्रल जेल नैनी में निरुद्ध माफिया अतीक के बेटे अली अहमद के पास पैसा पहुंचा था। जांच कमेटी की पड़ताल में जेल के कई कर्मचारी दोषी पाए गए हैं और कमेटी की रिपोर्ट में उनका उल्लेख किया गया है। इस मामले की तह तक जाने के लिए बैठाई गई विभागीय जांच में इसका खुलासा किया गया है। अब सेंट्रल जेल एडमिनिस्ट्रेशन जल्द ही शासन को अपनी रिपोर्ट भेजेगा, जिसके आधार पर संलिप्त कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की बात कही जा रही है। यह भी कहा जा रहा है कि मामले में कई अधिकारी भी फंस सकते हैं।

हालांकि, इस मामले में डिप्टी जेलर कांति देवी और हेड वार्डन संजय द्विवेदी को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। बता दें कि बीते जून माह में जेल के हाई सिक्योरिटी सेल में डीआईजी ने तलाशी ली थी। तब वहां बंद अली अहमद के पास से 1100 रुपये नकद मिले थे। इसका पता चलने पर डिप्टी जेलर और हेड वार्डर को प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया था। साथ ही डीजी जेल प्रेमचंद्र मीणा के निर्देश पर डीआईजी जेल राजेश कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ जेल अधीक्षक वाराणसी राधाकांत मिश्रा और गाजीपुर के जेलर गणेश दत्त की तीन सदस्यीय कमेटी बनाकर मामले की जांच शुरू कराई गई। कमेटी ने इस मामले में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों का बयान दर्ज कर लिया है। निलंबित डिप्टी जेलर कांति देवी का बयान अभी नहीं हो सका है। वह समाचार लिखे जाने तक जांच कमेटी के सामने उपस्थित नहीं हुई है। उनका बयान होने के साथ ही जांच रिपोर्ट शासन को भेज दी जाएगी। फिलहाल जेल सूत्रों के मुताबिक जेल स्टाफ और बंदियों की तालमेल इस मामले की अहम वजह बताई जा रही है।

अन्य समाचार