सामना संवाददाता / भायंदर
मीरा-भायंदर होटल्स एसोसिएशन ‘ (MBHA) की आम सभा का आयोजन मीरा रोड़ शांति पार्क के स्वास्तिक अंबर हॉल सभागृह में किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों होटल और रेस्टोरेंट मालिकों ने भाग लिया। इस बैठक में होटल उद्योग की मौजूदा स्थिति को लेकर चिंता व्यक्त की गई और सरकार की नीतियों को लेकर तीव्र असंतोष दर्ज कराया गया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष रंजन शेट्टी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि, “होटल उद्योग को राजस्व देने वाली रीढ़ माना जाता है, लेकिन उसी पर सबसे अधिक करों और अनावश्यक नीतियों का भार डाला जा रहा है। प्रमुख मांगे जो सभा में उठाई गईं: 1 ) शराब पर वैट (VAT) को तुरंत रद्द किया जाए। 2) लाइसेंस फीस में की गई 15% की वृद्धि को वापस लिया जाए। 3) एक्साइज ड्यूटी में की गई 60% बढ़ोतरी में राहत दी जाए। 4) लाइसेंस फीस में हर वर्ष की बढ़ोतरी को महंगाई दर से जोड़ा जाए। 5) ब्रिटिश कालीन व कालबाह्य नियमों में तत्काल संशोधन किया जाए। 6) अवैध होटल और बारों पर कड़ी कार्रवाई कर ईमानदार कारोबारियों को सुरक्षा दी जाए। 7) बढ़ते भ्रष्टाचार पर नियंत्रण के लिए पारदर्शी प्रक्रिया लागू की जाए।
शेट्टी ने कहा कि , “आज जो व्यवसायी पूरी तरह से कानूनी दायरे में रहकर कारोबार कर रहे हैं, उन्हीं पर सबसे ज़्यादा बोझ है। जबकि अवैध रूप से चलने वाले प्रतिष्ठान खुलेआम फल-फूल रहे हैं। यह अन्याय अब और नहीं सहा जाएगा। सभा में अनेक पोस्टर और बैनर प्रदर्शित किए गए जिनमें एक होटल व्यवसायी को टैक्स, भ्रष्टाचार और सरकारी नियमों की जंजीरों से जकड़ा हुआ दिखाया गया। संदेश स्पष्ट था –”Enough is Enough!” अब होटल व्यवसायी और बर्दाश्त नहीं करेंगे।एसोसिएशन का कहना है कि होटल उद्योग सिर्फ कारोबार नहीं, एक व्यापक रोज़गार तंत्र है। प्रत्येक होटल से औसतन 10 कर्मचारी जुड़े होते हैं, जिन पर उनके परिवार की आजीविका निर्भर होती है। सरकारी नीतियों का असर न केवल उद्योग पर, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था और सामाजिक स्थिरता पर भी पड़ता है। होटल व्यवसायियों ने कहा :- “हमें दंड नहीं, सहयोग चाहिए। जो उद्योग सबसे ज़्यादा टैक्स देता है, उसे ही सबसे ज़्यादा क्यों दबाया जा रहा है?” एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने संवाद नहीं किया और मांगों को अनदेखा किया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। मुख्यतः ‘ मीरा-भाईंदर होटल्स एसोसिएशन ‘ के अध्यक्ष रंजन शेट्टी, महासचिव प्रशांत शेट्टी, कोषाध्यक्ष अनिल शेट्टी , सहसचिव शिवप्रसाद शेट्टी ,मोहनदास शेट्टी व हरीश शेट्टी, उपाध्यक्ष जीवन शेट्टी, नवीन शेट्टी, विनीत शेट्टी, प्रकाश शेट्टी समेत कार्यकारिणी सदस्य संतोष शेट्टी समेत होटल्स एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे। ‘ मीरा-भाईंदर होटल्स एसोसिएशन ‘ के मुख्य सलाहकार चंद्रहास शेट्टी हैं।
