राधेश्याम सिंह / वसई
मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की एंटी नारकोटिक्स सेल ने कार्रवाई करते हुए नालासोपारा-पूर्व स्थित आचोले रोड पर दो ड्रग्स तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में प्रतिबंधित एमडी (मेथेड्रोन) ड्रग्स जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹14.5 लाख है। यह गिरफ्तारी जय साईंसदन बिल्डिंग के पास की गई है । पुलिस ने जाल बिछाकर दो आरोपियों (25 वर्ष) (57 वर्ष) को पकड़ लिया। दोनों के पास से कुल 71.5 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आचोले पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसका नेटवर्क कितना फैला हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर और उपनगरों में ड्रग्स के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एंटी नारकोटिक्स सेल की यह कार्रवाई उसी क्रम का हिस्सा है। इस मामले में पकड़े गए दोनों आरोपियों की आगे की जांच की जा रही है।
