मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की शर्मनाक स्थिति का एक सजीवं वीडियो आजमगढ़ में मंडलीय चिकित्सालय से आया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वायरल वीडियो ने यूपी के स्वास्थ्य विभाग की पोल खोल कर रख दी। एक टीबी का मरीज सांस की डोर यानी आक्सीजन लगाकर जमीन पर बैठा हुआ है। अब उक्त वीडियो को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर ट्वीट करते हुए सवाल किया कि स्वास्थ्य मंत्री जी को ये मरीज दिख रहा है क्या? एक्स हैंडल पर सवाल करते हुए उन्होंने उप मुख्यमंत्री व यूपी में स्वास्थ्य विभाग की जवाबदेही उठा रहे ब्रजेश पाठक पर निशाना साधा है। जब थू-थू बढ़ गयी तब मामले की जांच कर स्वास्थ्य विभाग के एसआईसी ने सफाई दी है। मिली जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ के तरवां निवासी राजू टीवी की बीमारी के कारण आजमगढ़ के मंडलीय अस्पताल में 17 जुलाई को भर्ती कराया गया था। मंडलीय अस्पताल के एसआईसी डॉ. ओम प्रकाश सिंह का कहना है कि मरीज को चेस्ट इन्फेक्शन हुआ था। उसे आक्सीजन दिया गया था। इसी बीच बिस्तर पर ही टॉयलेट कर दिया था। वह नीचे उतरकर अपनी पत्नी के आने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान किसी ने वीडियो बना लिया। चिकित्सा अधीक्षक का कहना है कि इस तरह से किसी मरीज का वीडियो बनाने बेहद गलत है। कारण कि यह मरीज का निजी मामला है। उसकी गोपनियता है। ऐसे में किसी का वीडियो बनाकर वायरल करना गलत है। इस मामले में सिस्टम इंचार्ज को नोटिस जारी कर रिपोर्ट मांगी गई है। साथ ही ये भी कहा गया है कि आखिर कोई अंदर आकर कैसे वीडियो बना सकता है। मरीज की देखभाल के लिए दो डॉक्टर लगाए गए हैं। टीबी वार्ड में दूसरे बेड में शिफ्ट भी कर दिया गया है। यदि मरीज को यहां आराम नहीं मिलेगा तो उसे रेफर कर दिया जाएगा। जब वायरल वीडियो को अखिलेश यादव ने एक्स पर ट्वीट कर सरकार से सवाल पूछा तो सरकार के कान खड़े हो गये।
