-समय पर नहीं हुआ इलाज; सांप काटने से महिला की मौत
आज हम विकास की चाहे कितनी भी बातें कर लें, लेकिन आए दिन कुछ खबरें हमें चौंका देती हैं। इसी कड़ी में हाल ही में ओडिशा के कंधमाल जिले में एक बेहद भयावह घटना सामने आई है। यहां एक महिला की जान केवल इसलिए चली गई, क्योंकि अस्पताल तक जाने के लिए सही सड़क नहीं थी और समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। शव को कंधे पर उठाकर मृतका की बेटी को करीब ८ किलोमीटर पैदल ले जाना पड़ा। यह घटना कंधमाल जिले के तुमुड़ीबंध ब्लॉक के मुंडीगढ़ पंचायत के डुमेरिपड़ा गांव की है। जानकारी के मुताबिक, बलमाडु माझी अपने घर के अंदर सो रही थीं, तभी देर रात एक जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया। परिजनों को शक हुआ कि यह सांप का काटना है। इसके बाद घबराए परिवार ने तुरंत एंबुलेंस को बुलाने की कोशिश की, लेकिन गांव तक सही सड़क न होने के कारण एंबुलेंस वहां तक पहुंच ही नहीं पाई।
इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम
एंबुलेंस न पहुंचने की वजह से बेटी और गांव वालों ने मिलकर महिला को कंधे पर उठाया और करीब ८ किलोमीटर पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुंचे। इसके बाद उन्हें तुमुड़ीबंध मेडिकल ले जाया गया। तुमुड़ीबंध मेडिकल में प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने महिला को तुरंत बालिगुड़ा मेडिकल रेफर कर दिया, लेकिन देर हो चुकी थी। इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
