-सुप्रिया सुले ने फडणवीस सरकार पर बोला हमला
सामना संवाददाता / मुंबई
सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट के विवादास्पद बयान के बाद राकांपा पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस का अपने मंत्रियों पर कोई कंट्रोल नहीं रह गया है। यही कारण है कि मंत्री बेलगाम हो गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मंत्रियों को भी मुख्यमंत्री की कोई परवाह नहीं है। यही कारण है कि महायुति के मंत्री बेमतलब बयान देते रहते हैं।
शिरसाट के बयान पर उन्होंने कहा कि टैक्स के उस पैसे पर देश के हर नागरिक का अधिकार है। कोई भी सरकार और शासक उस पैसे का मालिक नहीं होता, बल्कि वे जनता द्वारा पांच साल के लिए चुने गए ट्रस्टी होते हैं। इन ट्रस्टियों को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि इस पैसे का इस्तेमाल कम से कम और मितव्ययिता से केवल जनता के हित में ही किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संजय शिरसाट ने सरकारी पैसे के संदर्भ में जिस तरह के बयान दिए हैं, उसके बाद मुख्यमंत्री क्या कार्रवाई करते हैं, यह तो आने वाला समय बताएगा, परंतु यह सच है कि मुख्यमंत्री का अपने मंत्रियों पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है।
बता दें कि महायुति सरकार में शिंदे गुट के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने अकोला में आयोजित एक कार्यक्रम में विवादास्पद बयान दिया है। इस कार्यक्रम में शिरसाट ने कहा कि हॉस्टल के लिए जितना मांगना चाहते हो, मांग लो, पांच-दस करोड़ जो भी मांगना हो मांग लो नहीं दिया तो नाम बदल दूंंगा, यह सरकार का पैसा है, अपने बाप का क्या जाता है, ऐसा विवादास्पद बयान दिया है। इस बयान के बाद से सरकार और मंत्री दोनों की विपक्षी सदस्यों द्वारा जमकर आलोचना की जा रही है। इसी कड़ी में राकांपा सांसद ने महायुति सरकार की जमकर आलोचना की है।
