मुख्यपृष्ठनए समाचारफ्रेंडशिप डे पर आदित्य ठाकरे ने ली सीएम की चुटकी...शिरसाट अब बनाए...

फ्रेंडशिप डे पर आदित्य ठाकरे ने ली सीएम की चुटकी…शिरसाट अब बनाए जाएंगे वित्त मंत्री?..फडणवीस और संजय शिरसाट की फोटो की पोस्ट

सामना संवाददाता / मुंबई

राज्य के कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे का मोबाइल पर रमी खेलते हुए वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद उनके इस्तीफे की मांग जोर पकड़ने लगी थी, लेकिन सरकार ने उनका इस्तीफा न लेकर उनसे कृषि मंत्रालय छीन लिया और उन्हें खेल मंत्री बना दिया। वहीं दत्तात्रेय भरणे को कृषि मंत्री का पद सौंपा गया। इस फेरबदल को लेकर सरकार की आलोचना शुरू हो गई है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने सभी मंत्रियों को विवादास्पद बयानों से बचने की हिदायत दी थी, बावजूद इसके मंत्री संजय शिरसाट ने एक बार फिर विवादित बयान दे डाला।
एक भाषण में शिरसाट ने कहा कि पैसा सरकार का है, हमारे बाप का क्या जा रहा है। इस टिप्पणी पर जमकर विवाद हुआ। इस पर शिवसेना नेता व युवासेना प्रमुख आदित्य ठाकरे ने व्यंग्यात्मक हमला बोला है।
देशभर में आज फ्रेंडशिप डे मनाया गया और इस मौके को आदित्य ठाकरे ने भुनाते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को हैप्पी फ्रेंडशिप डे कहकर टैग किया। उन्होंने मंत्री संजय शिरसाट का वह वीडियो भी शेयर किया, जिसमें वह विवादास्पद बयान दे रहे हैं।
आदित्य ने तंज कसते हुए कहा कि जब ऐसे दोस्त हों तो… आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया पर सीएम फडणवीस पर तगड़ा तंज कसा है। उन्होंने लिखा है कि रमी खेलने वालों को खेल मंत्रालय मिल रहा है, तो युति धर्म की मजबूरी के चलते इन्हें (शिरसाट को) वित्त मंत्रालय भी मिल सकता है।
सुषमा अंधारे का हमला
सुषमा अंधारे ने भी संजय शिरसाट के बयान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सिर्फ ५ साल में २५ गुना संपत्ति, विट्स होटल की नीलामी से पीछे हटना, बेडरूम से वायरल हुए भारी नकदी वाले वीडियो और अब सरकार का पैसा है, लूटो! फडणवीस जी, इस गैरजिम्मेदार शिरसाट का इस्तीफा कब होगा? बता दें कि सरकार में विवादास्पद बयानों और मंत्रालयों के बंटवारे को लेकर हंगामा है, तो दूसरी तरफ विपक्ष इन घटनाओं को लेकर सरकार को घेरने में जुटा है।

अन्य समाचार