मुख्यपृष्ठनए समाचारवाह रे भाजपा का हिंदुत्व... महाराष्ट्र के महा महोत्सव में विघ्न... लालबाग...

वाह रे भाजपा का हिंदुत्व… महाराष्ट्र के महा महोत्सव में विघ्न… लालबाग में गणेश भक्तों पर लाठीचार्ज!.. बाप्पा के आगमन पर भक्तों की भारी भीड़, भक्तों में आक्रोश

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई में सार्वजनिक गणेशोत्सव देखने आनेवाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। परेल-लालबाग इलाके के २० बड़ी गणेश मूर्तियों का आगमन रविवार को बिना किसी परेशानी के संपन्न हो गया। हालांकि, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात जाम के कारण पुलिस ने लालबाग स्थित भारत माता मंदिर में गणेश भक्तों पर लाठीचार्ज किया, जिससे गणेशभक्तों में आक्रोश फैल गया है।
गणेशोत्सव में अब केवल २४ दिन शेष हैं। कई बड़े मंडपों में बाप्पा की मूर्ति पहुंच रही हैं। ऐसे में कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और यातायात पुलिस द्वारा उचित योजना बनाई जा रही है। हालांकि, भक्तों की अधिक संख्या के कारण भीड़ की योजना बनाने में चूक हो रही है। रविवार होने के कारण परेल वर्कशॉप और लालबाग स्थित गणसंकुल में भक्त बड़ी संख्या में एकत्रित हुए थे। सबसे पहले खेतवाड़ी के राजा परेल वर्कशॉप से निकले, उसके बाद दोपहर १२ बजे कालाचौकी के महागणपति और उसी समय फोर्ट के राजा करी रोड स्थित गणसंकुल से निकले। इस कारण लोअर परेल, करी रोड, लालबाग और कालाचौकी से आनेवाले वाहन सार्इं बाबा मार्ग पर फंस गए। सड़कें भी भक्तों की भीड़ से खचाखच भर गर्इं। खड़े होने की जगह नहीं थी। इससे चारों तरफ भीषण जाम लग गया। भीड़ में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने श्रद्धालुओं पर हल्का लाठीचार्ज किया और भीड़ को तितर-बितर किया।
‘श्री’ के आगमन की व्यवस्था की जाए
जिस प्रकार गौरी विसर्जन और अनंत चतुर्दशी के लिए गिरगांव चौपाटी और दादर चौपाटी की ओर जानेवाले मुख्य मार्ग एकतरफा बनाए जाते हैं और दूसरी ओर केवल गणेश विसर्जन के लिए आरक्षित किया जाता है, उसी प्रकार श्री गणेश के आगमन के लिए यातायात की योजना बनाना आवश्यक है। इससे यातायात जाम और भक्तों की भीड़ से बचा जा सकेगा। साथ ही यदि पुलिस श्री गणेश के आगमन समारोह के लिए गणेश कारखाने के आसपास के क्षेत्र में अस्थाई नो-पार्विंâग की व्यवस्था करें तो मूर्तियों की आवाजाही आसान हो जाएगी, ऐसा सुझाव बृहन्मुंबई सार्वजनिक गणेशोत्सव समन्वय समिति के अध्यक्ष एडवोकेट नरेश दहीबावकर ने दिया।
गणेश प्रतिमा के आगमन का समय हो निश्चित
पुलिस ने कहा है कि बड़ी गणेश प्रतिमा का आगमन रात १ बजे से सुबह ६ बजे तक किया जाना चाहिए। हालांकि, यह संभव नहीं है और इससे उत्सव के सांस्कृतिक और पारंपरिक पहलू कमजोर पड़ेंगे। समन्वय समिति का मानना है कि भक्तगण भी आगमन समारोह की परंपरा में पूरे उत्साह के साथ भाग ले सकें, ऐसा रास्ता निकालना चाहिए। समन्वय समिति के सदस्य अमित कोकाटे ने बताया कि समिति बुधवार को पुलिस आयुक्त के साथ एक बैठक में अपने विचार रखेगी।

अन्य समाचार