अनिल मिश्र / रांची
झारखंड प्रदेश के तीन बार के मुख्यमंत्री और बिहार प्रदेश से झारखंड को अलग राज्य बनवाने में महती भूमिका निभाने वाले दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर आज शाम साढ़े छह बजे रांची लाया जाएगा। हेमंत सोरेन ने पिता के निधन पर दुख जताते हुए कहा है कि दिशोम गुरु आदिवासी लोगों और झारखंड की जनता की छांव बताया और कहा कि आज वो छांव हम सबको छोड़कर चले गए। झारखंड प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन को लेकर प्रदेश के सभी सरकारी दफ्तर आज चार और कल यानी मंगलवार पांच अगस्त को बंद रहेंगे। एक सरकारी बयान में कहा गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन के आज सुबह नई दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में निधन के बाद राज्य सरकार ने चार से छह अगस्त, 2025 तक तीन दिनों का राजकीय शोक मनाने का फैसला किया है। इस बयान में यह भी बताया गया कि झारखंड की सभी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। झारखंड में पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के सम्मान में मंगलवार को सभी सरकारी स्कूल बंद रहेंगे। झारखंड प्रदेश सरकार से जुड़े अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी। रांची के कई निजी स्कूलों ने भी मंगलवार को छुट्टी घोषित कर दी गई है। स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमा शंकर सिंह ने बताया कि राजकीय शोक के तहत पांच अगस्त को सभी सरकारी स्कूलों में कक्षाएं निलंबित रहेंगी।
