मुख्यपृष्ठनए समाचारश्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने की समीक्षा...

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने की समीक्षा बैठक…जन्मभूमि एवं प्रसिद्ध मंदिरों के आस-पास नहीं उड़ेंगे ड्रोन…जिले में ड्रोन उड़ाने की  संबंधित थाने से लेनी होगी परमिशन

डॉ. कमल कांत उपमन्यु / मथुरा

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने जिले के सभी विभागों को लेकर एक वृहद बैठक की, जिसमें जन्माष्टमी महोत्सव पर्व को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिले भर में ड्रोन उड़ाने से पहले संबंधित थाने से इसकी परमिशन लेनी पड़ेगी एवं प्रसिद्ध मंदिरों के आस-पास अतिक्रमण हटेंगे।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान के कन्ट्रोल रूम सभागार में मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण, नगर निगम, लोक निर्माण, विद्युत, स्वास्थ्य आदि विभागों के अधिकारियों के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव-2025 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में नगर आयुक्त जग प्रवेश एवं अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर राजीव कुमार सिंह एवं सीओ सिटी भूषण वर्मा को निर्देश दिए कि श्रीकृष्ण जन्म स्थान के चारों ओर से अतिक्रमण हटाया जाए और इस बात का विशेष ध्यान दिया जाए कि किसी भी व्यापारी का शोषण न हो।
जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों के दृष्टिगत समस्त नगर निगम क्षेत्र की सफाई करायें और नगर निगम की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराना सुनिश्चित करें। शहर की सजावट कराएं और मुख्य चौराहों को भव्य एवं आकर्षक बनाने पर विशेष जोर दिया जाए। बाहर से आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु जनपद के विभिन्न स्थानों से एक अलग पहचान लेकर जाए और उसको एहसास हो कि मथुरा श्रीकृष्ण की सुंदर नगरी है।
मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण के सचिव अरविन्द कुमार द्विवेदी को जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण की, जो भी सड़कों पर कार्य प्रगति पर है या अन्य सड़कों में गढढे हो गये हैं, उन सड़कों पर कार्य प्रारम्भ कर शीघ्र ही गुणवत्ता के साथ सड़कों को ठीक कराया जाये और मथुरा शहर से कनेक्ट होने वाली सड़कों के मुख्य द्वारों को सजाया जाये। मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण द्वारा लगाई गई लाइटों को चेक कराकर खराब लाइटों को ठीक / बदलवाया जाये।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अजय कुमार को निर्देश दिए कि अन्य राज्यों से आने वाले मार्गों को ठीक कराया जाये, लोक निर्माण विभाग की किसी भी सड़कों में गढढ़ा न रहे, जो भी ठेकेदार सड़कों को ठीक करें, वह यह सुनिश्चित करेगा कि सड़कों को गुणवत्ता के साथ सही करेगा। विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्युत तारों को टाइट कर उन्हें ऊंचा किया जाए, सभी पोलों एवं ट्रान्सफार्मरों की प्लास्टिक रैपिंग की जाए। विद्युत आपूर्ति हेतु पहले से ही कार्ययोजना तैयार कर विद्युत आपूर्ति 24 घंटे सुनिश्चित की जाए। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव-2025 पर्व के दृष्टिगत एक्सट्रा ट्रान्सफार्मरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के मुख्य चिकित्साधिकारी संजीव कुमार को निर्देश दिए कि डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई जाए और पर्याप्त एम्बुलेंसों की व्यवस्था करें। बाइक एम्बलेंसों की भी व्यवस्था करें। दवायें भी उपलब्ध रहें। बैठक के पश्चात जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर तथा आस-पास की गलियों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा विभिन्न प्रवेश एवं निकास द्वारों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों से सतर्क रहने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने दुकानदारों से वार्ता की और अनुरोध करते हुए कहा कि अपनी-अपनी दुकानों का सामान दुकान के अन्दर ही रखें। सड़क या फुटपाथ पर कोई भी दुकानदार अपना सामान न रखें।
बैठक नगर आयुक्त जग प्रवेश, मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण के सचिव अरविन्द कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक नगर राजीव कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुरक्षा राज कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव कुमार, लोक निर्माण के अधिशासी अभियंता अजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

अन्य समाचार