मुख्यपृष्ठअपराधमहिला सांसद दिल्ली में हुईं सरेआम चेन स्नैचिंग का शिकार...एम्बेसी जैसे पॉश...

महिला सांसद दिल्ली में हुईं सरेआम चेन स्नैचिंग का शिकार…एम्बेसी जैसे पॉश क्षेत्र में सुबह के समय घटी वारदात

रमेश ठाकुर / नई दिल्ली

दिल्ली में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं। इसका ताजा उदाहरण सोमवार सुबह देखने को मिला, जब दो महिला सांसदों को चेन स्नैचरों का शिकार होना पड़ा। घटना सुबह लगभग सवा छह बजे हुई। लोकसभा सांसद आर.सुधा (मयिलादुथुरई) और राज्यसभा सांसद राजाथी दोनों पोलैंड एम्बेसी के पास मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं, तभी एक हेलमेट पहने युवक ने स्कूटी पर सवार होकर सुधा की सोने की चेन झपट ली। छीना-झपटी में सुधा के गले पर चोटें भी आईं और कपड़े भी फट गए। वारदात के वक्त आसपास लोग भी मौजूद थे, लेकिन वह भी कुछ नहीं कर सके। सांसद राजाथी भी हमले की चपेट में आने से बाल-बाल बचीं। घटना ने दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वीवीआईपी जोन, विदेशी दूतावास के समीप इतनी बड़ी वारदात कैसे हो गई और अपराधी बेखौफ होकर कैसे फरार हो गए, इसका जवाब विपक्षी दल गृह मंत्री अमित शाह से मांग रहे हैं? कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि दिल्ली में आमजन तो पहले से ही असुरक्षित हैं, अब सांसद भी सुरक्षित नहीं रहे। घटना के बाद पीड़ित सांसदों ने दिल्ली पुलिस के स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस घटना को लेकर आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। हालांकि, अभी तक किसी भी आरोपी कोई सुराग नहीं लग सका।
बता दें कि इस चौंकाने वाली घटना ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है, बल्कि यह भी साफ कर दिया है कि राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था गहरी नींद में सो रही है। सवाल उठता है कि जब सांसद असुरक्षित हैं, तो आम जनता का क्या होगा?

अन्य समाचार