सामना संवाददाता / मुंबई
मानस मंच केंद्रीय समिति के तत्वावधान में नवीन नगर स्थित अरविन्द विद्या मंदिर में मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशशेष पं. रघुराज शरण अवस्थी जी की पावन स्मृति में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य शिविर मे डॉ. जवाहर लाल रोहतगी चिकित्सालय के चिकित्सक दल के डॉ. प्रशांत शर्मा, डॉ. प्रतिभा, डॉ. उत्कर्ष अवस्थी, डॉ. योगेश कुमार, डॉ. सोमू शर्मा, डॉ. पीयूष द्विवेदी, डॉ. प्रिन्स पाण्डेय, डॉ. उदय सिंह, डॉ. भवानी द्वारा दिन भर होने वाली भारी बारिश के बावजूद आंख, नाक, कान, गला, हड्डी, दांत, रक्तचाप और मधुमेह से ग्रसित 143 रोगियों का परीक्षण किया गया और उनको जरूरत के अनुसार दवाइयां भी प्रदान की गईं। स्वास्थ्य परीक्षण में आंख, दांत, हड्डी, रक्तचाप और मधुमेह से ग्रसित रोगियों की संख्या बहुताधिक रही। शिविर संचालन में डॉ. सुरेश अवस्थी, कमलेश मिश्रा, हर स्वरूप निगम, दिनेश अवस्थी, आशुतोष सिंह चंदेल, पंकज द्विवेदी एवं मंच परिवार के सदस्यों ने अपना विशेष योगदान दिया।
