राधेश्याम सिंह / वसई
नायगांव पुलिस स्टेशन क्षेत्र में मोबाइल चोरी के इल्जाम को लेकर लकड़ी और डंडे से ढाबा मालिक समेत दो लोगों पर जानलेवा हमला होने की घटना सामने आई है। इस हमले में ढाबा मालिक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। यह घटना 3 अगस्त को देर शाम को घटी थी। फिलहाल, नायगांव पुलिस ने संबंधित आरोपियों पर केस दर्ज कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दर्ज एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता कपिल यादव ने बताया कि वह और ढाबा मालिक अजित राजेन्द्र प्रसाद यादव ‘यादव ढाबा’, मालजीपाड़ा पर प्रतिदिन की तरह कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अजित यादव का मित्र लल्ला अमर सिंह अपने साथियों शिवम ओमप्रकाश यादव, महेश समरजीत यादव, राजन मौर्य, भोला यादव और दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ ढाबे पर आया। वहां पहुंचते ही लल्ला अमर सिंह ने अजित यादव से कहा,’हम पर मोबाइल चोरी का इल्जाम लगाते हो? मैं तुम्हें अभी दिखाता हूं,अभी तुझे जान से मार डालूंगा!’ ऐसा कहकर लल्ला सिंह ने लकड़ी के डंडे से अजित यादव और शिकायतकर्ता (कपिल यादव) के सिर पर वार किया और अजित यादव की हत्या करने का प्रयास किया। उसके साथ आए शिवम यादव और महेश यादव ने प्लास्टिक की कुर्सियों से अजित यादव की पिटाई की। जब शिकायतकर्ता मौके से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था, तब राजन मौर्य, भोला यादव और उनके साथ आए दो अज्ञात लोगों ने उसे पकड़ लिया और कहा, ‘इस हरामी को मार डालो!’ इसके बाद उन्होंने शिकायतकर्ता की भी पिटाई की। फिलहाल, इस हमले में अजित यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए मुंबई-अहमदाबाद मार्ग स्थित विवान अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस संबंध में पूछे जाने पर पुलिस निरीक्षक अभिजीत मडके (प्रशासन- नायगांव पुलिस स्टेशन ) ने बताया कि नायगांव पुलिस स्टेशन की डिटेक्शन ब्रांच की टीम ने मुंबई के विभिन्न इलाकों से कुल ८ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में नायगांव पुलिस स्टेशन में संबंधित धाराओं के अंतर्गत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
