सामना संवाददाता / मुंबई
सोमवार को एअर इंडिया की सैन फ्रासिस्को-मुंबई फ्लाइट एआई १८०, जो कोलकाता होते हुए आ रही थी, उसमें कुछ कॉकरोच पाए गए, जिससे यात्रियों के बीच भ्रम और चिंता की स्थिति उत्पन्न हो गई। एयरलाइन के अनुसार, विमान के कोलकाता में निर्धारित ठहराव के दौरान दो यात्रियों ने कॉकरोच को देखा। दोनों यात्रियों ने अपने सीट के पास कॉकरोच दिखने की शिकायत की। इसके बाद एअर इंडिया ने एक बयान में बताया कि केबिन क्रू ने उन्हें उसी केबिन में पास की अन्य सीटों पर स्थानांतरित कर दिया। साथ ही कोलकाता में रुकने के दौरान ग्राउंड स्टाफ ने केबिन की अच्छी तरह से सफाई की।
प्रवक्ता ने मांगी माफी
एअर इंडिया के एक प्रवक्ता ने इस घटना को `दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया और प्रभावित यात्रियों से माफी मांगी। उन्होंने कहा, `सैन फ्रासिस्को से मुंबई जाने वाली फ्लाइट एआई १८०, जो कोलकाता होते हुए जा रही थी, उसमें दो यात्रियों को विमान में कुछ छोटे कॉकरोच की मौजूदगी के कारण असुविधा हुई। हमारे केबिन क्रू ने उन्हें वैकल्पिक सीटों पर स्थानांतरित किया, जहां वे बाद में सहज महसूस कर रहे थे।’
एअर इंडिया की सफाई
एअर इंडिया ने यह भी कहा कि वे नियमित रूप से विमानों में कीटनाशक छिड़काव करते हैं, फिर भी ग्राउंड हैंडलिंग के दौरान कीड़े घुस सकते हैं। एयरलाइन ने जांच शुरू कर दी है कि कॉकरोच केबिन में कैसे घुसे और भविष्य में ऐसी घटनाएं वैâसे रोकी जाएं। हालांकि, इस घटना से उड़ान संचालन में कोई बाधा नहीं आई और विमान समय पर मुंबई पहुंच गया, लेकिन इससे लंबी दूरी की उड़ानों में सफाई और कीट नियंत्रण के तरीकों पर व्यापक सवाल जरूर खड़े हुए हैं, खासकर उन उड़ानों में जिनमें ग्राउंड टाइम और ईंधन भरने के ठहराव अधिक होते हैं।
