-कई नेताओं के नाम नई सूची में फिर से जारी
रामदिनेश यादव / मुंबई
आर्थिक घोटाला, जमीन घोटाला, नौकरी भर्ती घोटाला ऐसे अनेक घोटालों के बारे में आपने सुना होगा। महायुति सरकार में ये सभी घोटाले अब भी जारी हैं। शिंदे गुट के मंत्रियों पर उक्त घोटाले के आरोप लगे हैं। इन सबके अलावा अब शिंदे गुट ने प्रवेश घोटाला सामने आया है। शिंदे गुट की ओर से पार्टी में प्रवेश लेनेवालों की लंबी बोगस लिस्ट जारी की जा रही है। खुद के पक्ष को श्रेष्ठ बताने के लिए ‘प्रवेश घोटाला’ बड़े पैमाने शिंदे गुट कर रहा है।
अहिल्यानगर में उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में प्रवेश कार्यक्रम में प्रवेश करनेवालों की जो सूची जारी की गई, उसमें कई नाम फर्जी पाए गए तो कुछ ने दावा किया कि हमने कहीं किसी पार्टी में प्रवेश ही नहीं किया है। एकनाथ शिंदे के संभावित अहिल्यानगर जिले के दौरे से पहले ही पार्टी प्रवेश घोटाले के आरोपों से राजनीतिक माहौल गर्म होने लगा है।
बता दें कि एकनाथ शिंदे गुट में समर्थकों सहित प्रवेश करते समय, नगर जिले के एक नेता पर फर्जी सूची प्रस्तुत कर पार्टी को गुमराह करने का आरोप लगाया गया है। जो नेता तीन महीने पहले ही जोर-शोर से पार्टी में प्रवेश कर चुके हैं। पार्टी में पद पर भी बने हुए हैं। उन्हें ही पुन: प्रवेश दिलाया जा रहा है। प्रवेश करनेवालों की सूची में ऐसे लोगों का नाम उजागर होने से शिंदे गुट की जमकर किरकिरी हो रही है। एकनाथ शिंदे गुट में आंतरिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। इस पूरे घटनाक्रम पर एकनाथ शिंदे के शिर्डी लोकसभा संपर्क प्रमुख बाजीराव दराडे ने प्रतिक्रिया दी है।
क्या है मामला?
-अहिल्यानगर के अकोले तालुका के मारुति मेगल आदिवासी ठाकर समाज के एक प्रमुख नेता माने जाते हैं। तीन महीने पहले उन्होंने अपने समर्थकों के साथ ठाणे में एकनाथ शिंदे की शिवसेना में जोरदार शक्ति प्रदर्शन करते हुए प्रवेश किया था।
-उस समय उन्होंने दावा किया था कि उनके साथ अकोले तालुका की कई ग्राम पंचायतों के सरपंच, सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, नगरसेवक, विभिन्न पार्टी संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हैं। अब प्रवेश करनेवालों की नई सूची में मारुति मेंगाळ के साथ जिन लोगों ने पार्टी में प्रवेश किया था, उनके नाम भी शामिल हैं।
-इस सूची में कई नाम फर्जी होने का आरोप लगाया गया है। इससे एकनाथ शिंदे गुट में खलबली मच गई है। सूची में जिनके नाम हैं, उनमें से कई लोगों ने वीडियो जारी कर यह दावा किया है कि उन्होंने कोई पार्टी प्रवेश नहीं किया है।
